इस गांव में यमुना पर जल्दी पुल बनेगा, विधानसभा में उठा मुद्दा

ग्रेटर नोएडा और फरीदाबाद वालों के लिए खास खबर : इस गांव में यमुना पर जल्दी पुल बनेगा, विधानसभा में उठा मुद्दा

इस गांव में यमुना पर जल्दी पुल बनेगा, विधानसभा में उठा मुद्दा

Google Image | राजेश नागर

- हरियाणा विधानसभा में उठा मंझावली पुल के निर्माण में देरी का मसला
- बीजेपी विधायक राजेश नागर ने बुधवार को विधानसभा में उठाए सवाल
- मंझावली पुल से कनेक्ट होंगे फरीदाबाद और ग्रेटर नोएडा शहर

Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा और फरीदाबाद (Greater Faridabad) के बीच की दूरियां जल्दी सिमटने वाली हैं। अभी ग्रेटर नोएडा और फरीदाबाद के बीच आवागमन करने के लिए लोगों को जेवर से पलवल या नोएडा से कालिंदी कुंज (Kalindi Kunj) होकर आना-जाना पड़ता है। फरीदाबाद को ग्रेटर नोएडा से कनेक्ट करने वाले मंझावली पुल (Manjhawali Yamuna Bridge) के निर्माण में हो रही देरी का मसला बुधवार को हरियाणा विधानसभा में उठा है। सत्ताधारी पार्टी बीजेपी के तिगांव विधानसभा से विधायक राजेश नागर ने ये मामला उठाया। उन्होंने इस पुल का निर्माण जल्द पूरा करने की मांग की। साथ ही किसानों को जल्द मुआवजा दिए जाने पर भी बल दिया। सरकार की ओर से पुल का निर्माण और मुआवजा भुगतान जल्दी से जल्दी करने का आश्वासन दिया गया है।

विधायक ने कहा- ग्रेटर फरीदाबाद और ग्रेटर नोएडा को जोड़ने का सपना जल्दी पूरा करें
राजेश नागर ने कहा कि अधिगृहीत किए जाने के लंबे समय के बाद भी ग्रेटर फरीदाबाद के किसानों को उनका मुआवजा नहीं दिया गया है। जिससे उनको अनेक प्रकार की दिक्कतें सामने आ रही हैं। किसानों को अपने बच्चों की पढ़ाई और रोजगार के लिए पैसा चाहिए। उन्होंने मांग उठाई कि मुआवजा जल्द से जल्द दिलवाया जाए। राजेश नागर ने विधानसभा में कहा कि तिगांव विधानसभा क्षेत्र को ग्रेटर नोएडा और नोएडा से जोड़ने के लिए बनाया जा रहा मंझावली पुल काफी समय से निर्माणाधीन है। इसके लंबे समय से अटके रहने से जो लाभ क्षेत्र की जनता को मिलना चाहिए था, वह मिलने में देरी हो रही है। पुल बना रही कंपनी को शीघ्र काम पूरा करने के निर्देश दिए जाएं। जिससे ग्रेटर फरीदाबाद और ग्रेटर नोएडा को आपस में जोड़ने का सपना पूरा हो सके।

7 वर्षों में 6 बार खिसक चुकी है मंझावली पुल की डेडलाइन
फरीदाबाद को ग्रेटर नोएडा से जोड़ने के लिए 24 किलोमीटर लंबी सड़क परियोजना के लिए यमुना नदी पर मंझावली गांव के पास 630 मीटर लम्बा पुल बनाया जा रहा है। इसकी डेडलाइन बार-बार खिसक रही है। पिछल सात सालों में इसकी 6 बार डेडलाइन बदली जा चुकी है। अगस्त 2014 में शिलान्यास के बाद डेढ़ साल में पुल तैयार होने का वादा परिवहन मंत्री नितिन गड़करी ने किया था। इसके बाद 2018 में काम शुरू हो सका। फिर जून 2020 में काम पूरा करने का वादा किया गया। इसके बाद दिसंबर 2020, जून 2021 और दिसंबर 2021 की डेडलाइन तय होती रहीं। अब मार्च 2022 तक काम पूरा करने का दावा किया जा रहा है।

विधायक ने अपने इलाके से जुड़े कई और मुद्दे विधानसभा में उठाए
राजेश नागर ने तिगांव विधानसभा क्षेत्र के 18 गांवों को नगर निगम में लिए जाने और निगम में कर्मचारियों की संख्या कम होने का मुद्दा भी उठाया। नागर ने शूटिंग रेंज बनवाने की मांग भी रखी है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र से पैरालंपिक में कई मैडल शूटिंग में आए हैं। इस कारण लोगों का रुझान खेलों की ओर बढ़ा है। इसके लिए तिगांव क्षेत्र में एक शूटिंग रेंज बनाई जाए। साथ ही सीवर और जल निकासी की व्यवस्था सही किए जाएं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.