बेहोश हुए सारे श्रद्धालु स्वस्थ हैं, बिछड़ों को पुलिस ने घर पहुंचाया

धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री का दिव्य दरबार संपन्न : बेहोश हुए सारे श्रद्धालु स्वस्थ हैं, बिछड़ों को पुलिस ने घर पहुंचाया

बेहोश हुए सारे श्रद्धालु स्वस्थ हैं, बिछड़ों को पुलिस ने घर पहुंचाया

Tricity Today | बिछड़ों को पुलिस ने घर पहुंचाया

Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा में श्रीमद्भगवद कथा में धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने बुधवार को दिव्य दरबार लगाया। इस दौरान करीब पांच लाख भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान करीब 15 महिलाएं ऑक्सीजन की कमी के कारण बेहोश हो गयी थीं। कई महिलाएं और बच्चे अपने परिवारों से बिछड़ गए थे। ग्रेटर नोएडा के डीसीपी अनिल कुमार यादव ने बताया कि जितने भी महिलाएं ,बुजुर्ग, बच्चे और दिव्यांग जन गर्मी व उमस के कारण असहज महसूस कर रहे थे, उन सभी लोगों को एबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। अब सभी लोग सकुशल अपने-अपने घरों को जा चुके हैं।

तीन माह का छोटा बच्चा सकुशल मिल गया
डीसीपी अनिल कुमार यदाव ने आगे बताया कि कथा के दौरान कुछ लोग अपने परिजनों से बिछड़ गए थे। वह सभी अपने परिजन के साथ सकुशल अपने-अपने घरों को रवाना हो चुके हैं। खोया-पाया केंद्र में सूचनाएं मिलीं, उन पर तुरंत संज्ञान लिया गया। समुचित व्यवस्था की गई है। पुलिस और आयोजकों की सारी टीम पूर्ण से कार्य कर रही हैं। खोने वालों में एक तीन माह का छोटा बच्चा भी शामिल था। बच्चा सकुशल मिल गया है। उसे माता-पिता के पास सकुशल पहुंचा दिया गया है।

शास्त्री ने की पुलिस इंतजामों  की सराहना
श्रीमद्भगवद गीता के द्वितीय सत्र में धीरेन्द्र शास्त्री ने बुधवार को दिव्य दरबार लगाया। इस दौरान करीब पांच लाख लोग आयोजन में शामिल हुए। भक्तों के उत्साह और उल्लास का स्मरण कराते हुए धीरेन्द्र शास्त्री ने सभी से पूर्ण संयम बरतने, अनुशासन में रहने और पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। दूसरी तरफ भीड़ को संभालने के लिए गौतमबुद्ध नगर पुलिस की प्रशंसा की। बुधवार को 18 अफसरों की ड्यूटी लगाई गई थी। जिनमें चार पुलिस उपायुक्त शामिल रहे।

भीड़ से की अनुशासन की अपील
भीड़ को संबोधित करते हुए धीरेन्द्र शास्त्री ने कहा, पुलिस और प्रशासन ने अभूतपूर्व व्यवस्थित प्रबंध किए हैं। स्थानीय पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का योगदान बहुत ज्यादा है। इसकी भूरि-भूरि प्रशंसा करनी चाहिए। साथ ही सभी से आह्वान किया कि श्रीमदभागवत कथा के इस आयोजन के बारे में कोई भ्रामक बात नहीं फैलाएं। सभी लोग ऐतिहासिक कथा का आनंद लें। यही मेरा सबसे आग्रह है। धीरेन्द्र शास्त्री ने भीड़ से अनुशासन की अपील की। दरअसल, पंडाल खचाखच भर गया। लोगों को पंडाल में जगह नहीं मिली तो मेट्रो के पुल पर चढ़ गए। किसी अनहोनी को रोकने के लिए पुलिस ने कड़ी मशक्क्त करके भीड़ को काबू किया।

पंडाल में भीड़ के कारण सफोकेशन रहा
पंडाल में भीड़ बहुत ज्यादा हो गई। उमस बहुत थी। जिसकी वजह से पंडाल में ऑक्सीजन का अभाव हो गया। कई महिलाएं और बच्चे बेहोश हो गए। इन सभी को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। धीरेन्द्र शास्त्री ने मंच से लोगों को बताया कि सभी पूरी तरह स्वस्थ हैं। कोई चिंता को बात नहीं है। धीरेन्द्र शास्त्री ने कहा कि आज भीड़ बहुत ज्यादा है। ऐसे में उन्हें भी सांस लेने में परेशानी हो रही है।

सुबह 10:00 बजे के बाद भीड़ बेकाबू हुई
मिली जानकारी के मुताबिक केवल एनसीआर ही नहीं बल्कि पूरे देश के करीब 2 लाख लोग पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की भागवत कथा और उनके विचारों को सुनने पहुंचे। सुबह करीब 10:00 बजे के बाद भीड़ बेकाबू हो गई। हालत इतनी खराब हो गई कि आयोजन कर्ताओं और पुलिस के व्यवस्था को संभालने में छक्के छूट गए। करीब 2:00 बजे कार्यक्रम स्थल पर धक्का-मुक्की हो गई। जिसमें करीब 10 लोगों को चोट आई। मौके पर जिले के सभी अस्पतालों की टीम मौजूद है, इसलिए हालत को सामान्य करवा दिया गया। डॉक्टरों की टीम ने कुछ लोगों को प्राथमिक इलाज के बाद घर भेज दिया तो कुछ लोगों को अस्पताल में रेफर किया गया।

18 आईपीएस एयर पीपीएस रहे मुश्तैद
डीसीपी सेंट्रल नोएडा अनिल कुमार यादव ने बताया कि बाबा बागेश्वर धाम धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का आज दिव्य दरबार लगा, जिसमें लाखों की संख्या में भीड़ पहुंची। भीड़ को काबू में करने के लिए पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के आदेश पर 4 डीसीपी, दो कंपनी पीएसी, 6 एडिशनल डीसीपी, 8 एसीपी और करीब एक हजार पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। मौके पर भगदड़ की कोई स्थिति नहीं हुई। भीड़ ज्यादा होने की वजह से कुछ परेशानी हुई, लेकिन पुलिस ने सब सामान्य कर दिया।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.