धीरेंद्र सिंह विधायक के साथ रोबिन्हुड भी हैं, ब्राह्मण जाति नहीं संस्कार हैं

जेवर में बोले दिनेश शर्मा : धीरेंद्र सिंह विधायक के साथ रोबिन्हुड भी हैं, ब्राह्मण जाति नहीं संस्कार हैं

धीरेंद्र सिंह विधायक के साथ रोबिन्हुड भी हैं, ब्राह्मण जाति नहीं संस्कार हैं

Tricity Today | उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा और दिनेश शर्मा

  • धीरेन्द्र सिंह के लिए वोट मांगने जेवर आए उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा
  • डिप्टी सीएम की जनसभा में दिखी ब्राह्मण समाज की अच्छी-खासी भीड़
  • दिनेश शर्मा ने कहा- भाजपा का मकसद सिर्फ विकास करना है
  • बोले- बहुत जल्द विपक्षियों को हार के सपने आने प्रारंभ हो जाएंगे
  • दिनेश शर्मा ने सजातीय वोटरों से कहा- ब्राह्मण जाति नहीं, संस्कार है
Greater Noida : उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा रविवार को जेवर कस्बे में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी धीरेंद्र सिंह के लिए वोट मांगने आए। इस दौरान उन्होंने प्रबुद्ध सम्मेलन को संबोधित करते हुए दिनेश शर्मा ने कहा, "ब्राह्मण कोई जाति नहीं संस्कार हैं।" दिनेश शर्मा के प्रबुद्ध सम्मेलन में जेवर विधानसभा क्षेत्र के ब्राह्मणों की भीड़ उमड़ पड़ी। 

"धीरेंद्र सिंह तो रोबिनहुड हैं"
उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने जेवर कस्बे में स्थित प्रज्ञान पब्लिक स्कूल में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार और विधायक धीरेंद्र सिंह के पक्ष में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा, "सपा हारेगी, बसपा भागेगी और कांग्रेस एक जर्जर इमारत है और कभी भी उसका राजनीतिक अस्तित्व खत्म हो सकता है। आपका विधायक रॉबिनहुड है और धीरेंद्र सिंह सभी जातियों व धर्मों को लेकर साथ चलते हैं। बहुत जल्द विपक्षी पार्टियों के नेताओं को हार के सपने आने प्रारंभ हो जाएंगे। सपा और बसपा ने सभी जाति और धर्मों के लोगों को लड़ाने का काम किया है। इन पार्टियों का विकास से कोई मतलब नहीं है। पिछले 5 वर्षों में इन्होंने विकास को रोकने का काम किया है। इनकी सरकारों में यहां जमकर लूट होती थी। आज प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ सबका साथ,  सबका विकास और सबका प्रयास को लेकर आगे बढ़ रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी में सबका सम्मान है।"

किसानों ने विकास का पग आगे बढ़ाया : धीरेंद्र सिंह
इस मौके पर जेवर विधानसभा से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार धीरेंद्र सिंह ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा, "जेवर एयरपोर्ट से यहां के नौजवानों को नौकरियां मिलेंगी। जिन किसानों ने अपनी जमीन एयरपोर्ट बनाने के लिए दी हैं, उन्होंने विकास के पद को आगे बढ़ाने का एक सराहनीय प्रयास किया था। जेवर क्षेत्र दुनिया के नक्शे पर एक अमिट छाप छोड़ चुका है। आने वाले समय में यहां के लोगों का जीवन स्तर उन्नत होगा किसान खुशहाल होंगे।" उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने उपस्थित लोगों और पदाधिकारियों को आगे संबोधित करते हुए कहा, "आने वाली 10 फरवरी को जेवर विधानसभा से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार धीरेंद्र सिंह के पक्ष में अधिक से अधिक मतदान करके इस विकास की गति को अनवरत जारी रखने का काम करें।"

कमल शर्मा को डिप्टी सीएम ने भाजपा में शामिल किया
इस सभा के अध्यक्षता ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष केसी गौड़ ने की और संचालन निवर्तमान उपाध्यक्ष सुशील शर्मा जी ने किया। जेवर ब्लॉक के पूर्व प्रमुख कमल शर्मा को उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने भाजपा में शामिल किया। इस मौके पर सैकड़ों लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

मंच पर सतपाल सैनी, ठाकुर सुनील सिंह, रविंद्र राजौरा, प्रणीत भाटी, योगेश चौधरी, सुरेश चंद्र शर्मा, चमन शर्मा, इंद्रेश शर्मा, पंडित नेमीचंद शर्मा अटल, पंडित अतुल शास्त्री, पंडित कृष्ण कुमार शर्मा, पंडित राहुल शर्मा, पंडित गिर्राज शर्मा, पंडित ओपी शर्मा, पंडित रघुनंदन शर्मा, बाबा जगबीर सिंह,विष्णु दत्त ऐरन, किशन लाल प्रजापति, ज्ञानी प्रधान, शैलेंद्र शर्मा, ओम प्रकाश वर्मा, केके शर्मा व अनिल शर्मा आदि अन्य लोग मौजूद रहे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.