आज ब्राह्मण सभा नेताओं के साथ करेगी समाज पर चिंतन, सांसद महेश शर्मा करेंगे बड़ी घोषणा

ग्रेटर नोएडा : आज ब्राह्मण सभा नेताओं के साथ करेगी समाज पर चिंतन, सांसद महेश शर्मा करेंगे बड़ी घोषणा

आज ब्राह्मण सभा नेताओं के साथ करेगी समाज पर चिंतन, सांसद महेश शर्मा करेंगे बड़ी घोषणा

Google Image | MP Mahesh Sharma

Greater Noida : ब्राह्मण सभा भगवान परशुराम जयंती के उपलक्ष्य में रविवार को एक कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। ब्राह्मण सभा के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश चन्द पचौरी ने बताया कि रविवार को ग्रेटर नोएडा के तिवोली होटल में यह कार्यक्रम होगा। यह जानकारी ग्रेटर नोएडा प्रेस क्लब में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके दी गई है। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पूर्व केन्द्रीय मंत्री और सांसद डॉ.महेश शर्मा समेत सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के नेता शामिल होंगे। जानकारी मिली है कि सांसद डॉ.महेश शर्मा बड़ी घोषणा करेंगे। दरअसल, कई दशकों से जिले का ब्राह्मण समाज ग्रेटर नोएडा शहर में परशुराम भवन और सनातन संस्कृति शोध संस्थान बनाने की मांग कर रहा है। मिली जानकारी के मुताबिक आज इस कार्यक्रम में डॉ.महेश शर्मा इसकी घोषणा करेंगे।

सुबह हवन पूजन के साथ शुरू हुआ कार्यक्रम, सारे दिग्गज ब्राह्मण नेता आएंगे
ब्राह्मण सभा के पदाधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारम्भ गुरुकुल के बटुक सुबह हवन पूजन के साथ करेंगे। उसके बाद समाज के बच्चे सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। इसी के साथ कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। लोगों से सुझाव लिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में पूरे जिले से ब्राह्मण समाज के लोग शामिल होंगे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में सुनील भराला, श्रीचन्द शर्मा एमएलसी, मुकुल उपाध्याय पूर्व मंत्री, ब्राह्मण सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मिथिलेश चतुर्वेदी, आरबी शर्मा सहित ब्राह्मण समाज के लोग शामिल होंगे।

सनातन संस्कृति शोध संस्थान और परशुराम भवन की घोषणा करेंगे सांसद
ब्राह्मण सभा के वरिष्ठ पदाधिकारी ने कहा कि इस वक्त पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ.महेश शर्मा सर्वमान्य ब्राह्मण नेता हैं। उनकी पहचान राष्ट्रीय स्तर के ब्राह्मण नेता की है। समाज को उन पर नाज है। वेस्ट यूपी में प्रतिष्ठित शिक्षक एमएलसी सीट पर पहली बार भाजपा ने जीत हासिल की है। श्रीचंद शर्मा एमएलसी हैं। सुनील भराला सरकार में मंत्री हैं। तीनों लोग इस कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं। लिहाजा, गौतमबुद्ध नगर के ब्राह्मणों की कई दशकों से चली आ रही पुरानी मांग पूरी होगी। हम चाहते हैं कि शहर में भव्य और सुविधा सम्पन्न परशुराम भवन व सनातन संस्कृति शोध संस्थान बनना चाहिए। आज इसकी घोषणा की जा सकती है।" हालांकि, आयोजकों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इसके बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में कार्यक्रम संयोजक जीपी गोस्वामी, सभा के संरक्षक महेन्द्र प्रताप शर्मा, धर्म प्रकाश शर्मा, कुलदीप शर्मा, सचिव ममता तिवासी, महेश शर्मा, वेद कुमारी, सुमन कुमार शर्मा, यतेन्द्र शर्मा, सुनील शर्मा, नीरज शर्मा, गौरव उपाध्याय और अनिल शर्मा आदि मौजूद रहे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.