ग्रेटर नोएडा के परी चौक से हवाईअड्डे तक चलेंगी ट्राम, बनाया जाएगा बीआरटी कॉरिडोर

जेवर एयरपोर्ट से बड़ी खबर : ग्रेटर नोएडा के परी चौक से हवाईअड्डे तक चलेंगी ट्राम, बनाया जाएगा बीआरटी कॉरिडोर

ग्रेटर नोएडा के परी चौक से हवाईअड्डे तक चलेंगी ट्राम, बनाया जाएगा बीआरटी कॉरिडोर

Google Image | ग्रेटर नोएडा के परी चौक से हवाईअड्डे तक चलेंगी ट्राम

Jewar Airport News : जेवर में बन रहे नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे (Noida International Airport) से जुड़ी बड़ी खबर है। हवाईअड्डे को आसपास के शहरों से जोड़ने के लिए यातायात के तमाम साधन मुहैया करवाए जाएंगे। देश में पहली बार पॉड टैक्सी का संचालन यमुना सिटी में होगा। पॉड टैक्सी फिल्म सिटी और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को जोड़ेंगी। अब परी चौक से जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे तक बस रैपिड ट्रांसिट कोरिडोर (BRT Corridor) बनाने का फैसला लिया गया है। इतना ही नहीं यमुना सिटी में ट्राम भी चलाई जाएगी। आपको बता दें कि देश में ट्राम का संचालन अभी केवल कोलकाता में हो रहा है।

क्या है बीआरटी कॉरिडोर प्रोजेक्ट
यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ.अरुणवीर सिंह ने बताया, "जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे को यमुना सिटी, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और दिल्ली-एनसीआर के बाकी शहरों से जोड़ने के लिए यातायात के सभी संसाधनों के विकल्प खुले रखे गए हैं। हमने देश के पहले पॉड टैक्सी कोरिडोर पर काम शुरू कर दिया है। यमुना फिल्म सिटी से एयरपोर्ट तक पॉड टैक्सी का संचालन किया जाएगा। ग्रेटर नोएडा शहर को एयरपोर्ट से जोड़ने के लिए यातायात सुविधाओं पर काम शुरू हो गया है। परी चौक से एयरपोर्ट तक बीआरटी कॉरिडोर बनाया जाएगा। इस पर लॉ फ्लोर वातानुकूलित बसें चलेंगी। इस बीआरटी कॉरिडोर की लंबाई 27 किलोमीटर होगी। यह परियोजना पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी मॉडल) पर पूरी की जाएगी।

एयरपोर्ट तक ट्राम का संचालन भी होगा
सीईओ ने आगे बताया कि ग्रेटर नोएडा के परी चौक से लेकर नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक ट्राम का संचालन किया जाएगा। बीआरटी कॉरिडोर और ट्राम कॉरिडोर समांतर रहेंगे। यह दोनों यातायात के साधन यमुना सिटी में रहने वाले लोगों को बेहतर सेवाएं देंगे। यमुना सिटी के सेक्टरों के बीच आवागमन करने के लिए भी लोग इनका उपयोग कर सकेंगे। सीईओ ने आगे कहा, "इस प्रोजेक्ट की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट बनाने के लिए देश की 4 बड़ी कंपनियों ने आवेदन किए हैं। परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए लखनऊ में 14 जून को बैठक होगी। इसके बाद डीपीआर बनाने की जिम्मेदारी कंपनी को सौंप दी जाएगी।

राइट्स को सौंपा गया पॉड टैक्सी प्रोजेक्ट
दूसरी ओर यमुना सिटी को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जोड़ने के लिए पॉड टेक्सी प्राॅजेक्ट पर काम इसी साल के आखिर यानि दिसंबर महीने में चालू हो जाएगा। अलगे 6 महीनों में टेंडर प्रक्रिया पूरी करके निर्माण शुरू कर दिया जाएगा। यह परियोजना साल 2026 में पूरी करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सोमवार को यह जानकारी यमुना अथॉरिटी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ.अरुणवीर सिंह ने दी है। सीईओ ने बताया की साल 2026 में यमुना सिटी में दौड़ने लगेगी। सोमवार को प्रोजेक्ट की डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) बनाने की जिम्मेदारी रेल इण्डिया टेक्नीकल एंड इकोनॉमिक सर्विस (राइट्स) सौंप दी गयी है।

कंपनी को 35 साल तक संचालन करना होगा
डॉ.अरुणवीर सिंह ने कहा, "पॉड टैक्सी का संचालन पीपीपी माॅडल पर किया जाएगा। पॉड टैक्सी प्राॅजेक्ट पूरा करने वाली कंपनी को 35 साल तक संचालन करने का अधिकार दिया जाएगा। जिस कंपनी को ठेका मिलेगा, अथॉरिटी उसके साथ मिलकर मसौदा तैयार करेगी। पॉड टैक्सी का संचालन करने वाली कंपनी से पहले 7 साल तक कोई पैसा नहीं लिया जाएगा। इसके बाद यमुना अथाॅरिटी कंपनी से किराए से हिस्सेदारी वसूलेगी।"

40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार
सीईओ ने आगे बताया, "पॉड टैक्सी के निर्माण में आने वाली पूरी लागत कंपनी वहन करेगी। 35 साल का करार पूरा होने के बाद कंपनी पॉड टैक्सी का संचालन करने के लिए यमुना अथाॅरिटी को हैंडओवर कर देगी। पॉड टैक्सी 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ेगी। यह फिल्म सिटी और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट समेत शहर के सेक्टरों को जोड़ेगी। फिलहाल इसके रुट पर 12 बनाए जाएंगे। बटन दबाने से पॉड टैक्सी चलेगी। प्रत्येक टैक्सी में 6 सवारी बैठेंगी। यमुना सिटी दुनिया का पांचवां शहर होगा, जहां पॉड टैक्सी का संचालन होगा।"

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.