यमुना एक्सप्रेसवे के साथ नोएडा एक्सप्रेसवे पर घटेगी वाहनों की रफ्तार, जानिए कब से नियम लागू

काम की खबर : यमुना एक्सप्रेसवे के साथ नोएडा एक्सप्रेसवे पर घटेगी वाहनों की रफ्तार, जानिए कब से नियम लागू

यमुना एक्सप्रेसवे के साथ नोएडा एक्सप्रेसवे पर घटेगी वाहनों की रफ्तार, जानिए कब से नियम लागू

Google Photo | प्रतीकात्मक फोटो

Greater Noida News : आगामी 15 दिसंबर से ग्रेटर नोएडा और नोएडा शहर को जोड़ने वाले 'नोएडा एक्सप्रेसवे' पर वाहनों की गति सीमा घटाई जाएगी। यह फैसला बढ़ते कोहरे की वजह से लिया गया है। नोएडा एक्सप्रेसवे के अलावा एमपी टू एलिवेटेड रोड और अन्य आंतरिक सड़कों पर भी गति सीमा कम की जाएगी। यह फैसला नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने लिया है।

कब से लागू होगा यह नियम
नोएडा और ग्रेटर नोएडा को जोड़ने वाले नोएडा एक्सप्रेसवे की लंबाई 24 किलोमीटर है। जिसमें 20 किलोमीटर नोएडा और 4 किलोमीटर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में आता है। अधिकतर देखा गया है कि कोहरे की वजह से एक्सप्रेसवे और हाईवे पर सड़क हादसे होते हैं। इन्हीं बातों को ध्यान रखते हुए नोएडा पुलिस ने फैसला लिया है कि आगामी 15 दिसंबर से लेकर 15 फरवरी तक नोएडा एक्सप्रेसवे पर वाहनों की गति सीमा घटाई जाएगी।

कितनी गति सीमा होगी
नोएडा पुलिस के ट्रैफिक डीसीपी अनिल कुमार यादव ने बताया कि फिलहाल हल्के वाहनों की गति सीमा नोएडा एक्सप्रेसवे पर 100 किलोमीटर प्रति घंटा है, जिसको घटाकर 75 किलोमीटर प्रति घंटा किया जाएगा। इसके अलावा भारी वाहनों की गति सीमा 80 किलोमीटर प्रति घंटा है, जिसको घटाकर 60 किलोमीटर प्रति घंटा किया जाएगा।

यमुना एक्सप्रेसवे पर भी यही नियम लागू
आपको बता दें कि यह नियम यमुना एक्सप्रेसवे पर भी लागू होगा। यमुना अथॉरिटी ने फैसला किया है कि यमुना एक्सप्रेसवे पर 15 दिसंबर 2023 से 15 फरवरी 2024 तक वाहनों की स्पीड लिमिट घटा दी जाएगी। आगामी 15 दिसंबर से हल्के वाहनों की स्पीड 75 किलोमीटर प्रति घंटा और भारी वाहनों की स्पीड घटाकर 60 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। यमुना अथॉरिटी के सीईओ डॉ.अरुणवीर सिंह ने बताया कि ग्रेटर नोएडा से लेकर आगरा तक 168 किलोमीटर लंबा यमुना एक्सप्रेसवे बनाया गया है। इस एक्सप्रेसवे के दोनों तरह जंगल होने के चलते सर्दी के मौसम में अधिक कोहरा और धुंध पड़ती है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.