Greater Noida News : अगले वर्ष 2025 में ऑटो एक्सपो का आयोजन ग्रेटर नोएडा में होने जा रहा है। पहली बार भारत में वियतनाम देश नामी कार कंपनी एंट्री लेने जा रही है। यह कार भारत में टाटा और महिंद्रा कंपनी को टक्कर देगी। कंपनी ने भारत में एंट्री करने के लिए अपना मन बना लिया है। अगले साल होने वाले ऑटो एक्सपो में वियतनाम की मशहूर कार कंपनी Vinfast भारत में हिस्सा लेने वाली है, इसकी ऑफिशल घोषणा हो चुकी है।
ये मॉडल्स होंगे पेश
बताया जा रहा है कि Vinfast कार कंपनी एक्सपो मार्ट में अपनी लोकप्रिय इलेक्ट्रिक एसयूवी VF-e34 और VF7-SUV लॉन्च कर सकती है। ये मॉडल भारतीय बाजार में मौजूद MG ZS EV, Hyundai Creta EV और Mahindra BE6 जैसी कारों को टक्कर देंगे। हालांकि, हुंडई की क्रेटा का इलेक्ट्रिक वर्जन अभी लॉन्च नहीं हुआ है, लेकिन यह अगले महीने जनवरी 2025 में ग्राहकों के लिए उपलब्ध हो सकता है।
BYD के बाद दूसरी कंपनी
आपको बता दें कि BYD के बाद Vinfast भारत में दूसरी ऑल-इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता कंपनी होगी। इसके सभी उत्पाद इलेक्ट्रिक होंगे, जो इसे पर्यावरण के प्रति जागरूक और आधुनिक ट्रांसपोर्टेशन की दिशा में एक अग्रणी ब्रांड बनाते हैं। कंपनी भारतीय बाजार में तेजी से बढ़ रहे प्रीमियम इलेक्ट्रिक व्हीकल सेगमेंट में अपनी पहचान बनाने की योजना बना रही है।
कितनी होगी कीमत?
Vinfast कार की कीमत भारतीय बाजार में 17 लाख रुपये से अधिक हो सकती है। हालांकि, अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। ऑटो एक्सपो में ना केवल Vinfast बल्कि हुंडई, टोयोटा, महिंद्रा, मारुति सुजुकी, स्कोडा, टाटा मोटर्स, इसुजु, वोक्सवैगन, MG मोटर और किआ इंडिया जैसी प्रमुख कंपनियां भी अपने नए मॉडलों का प्रदर्शन करेंगी।