डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन ने डीएम से क्यों कहा- कलेक्ट्रेट में सीसीटीवी कैमरे लगवाएं

गौतमबुद्ध नगर : डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन ने डीएम से क्यों कहा- कलेक्ट्रेट में सीसीटीवी कैमरे लगवाएं

डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन ने डीएम से क्यों कहा- कलेक्ट्रेट में सीसीटीवी कैमरे लगवाएं

Tricity Today | गौतमबुद्ध नगर कलेक्ट्रेट

Greater Noida News : गौतमबुद्ध नगर डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन ने गुरुवार को बैठक की। वकीलों ने जिलाधिकारी सुहास एलवाई को पत्र भेजकर 6 मांग रखी हैं। वकीलों ने डीएम से कहा है कि पूरे कलेक्ट्रेट परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं लेकिन इन्हें बंद करके रखा गया है। वकीलों ने सारे सीसीटीवी कैमरे दोबारा शुरू करवाने की मांग की है। इसके अलावा डीएम को यह भी बताया गया है कि वकीलों के चैंबर के सामने अवैध वाहन पार्किंग चल रही है। कलेक्ट्रेट में काम कर रहे कुछ कर्मचारियों की शिकायत करके उन्हें हटाने की मांग भी की है।

सदर तहसील में भ्रष्टाचार का आरोप
डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजकुमार नागर ने कहा, "सदर तहसील में भ्रष्टाचार व्याप्त है। कर्मचारी खुलेआम पैसा ले रहे हैं। जिससे आम आदमी को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रिकॉर्ड कीपर क्लर्क भ्रष्टाचार कर रही हैं। उन्हें हटाकर किसी दूसरे बाबू को नियुक्त करने की मांग की है।" राजकुमार नागर ने आगे कहा, "यमुना नदी के खादर क्षेत्र में गढ़-उन्नाव बंदोबस्त के तहत चकबंदी चल रही है। जिसकी जिम्मेदारी एसडीएम स्तर के अफसर एआरओ के पास है। वह करीब 6 महीने से अपने न्यायालय में नहीं बैठ रहे हैं। जिससे सारे मुकदमे लंबित पड़ गए हैं। इस पद पर किसी अफसर की स्थाई नियुक्ति की जानी चाहिए। जिससे लोगों को समय पर न्याय मिल सके।"

कलेक्ट्रेट और तहसील में सीसीटीवी कैमरे चालू हों
बार एसोसिएशन के सचिव एडवोकेट सतवीर सिंह ने कहा, "अफसरों और कर्मचारियों के भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए करीब 5 साल पहले पूरे कलेक्ट्रेट परिसर और तहसील में सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए थे। जिससे काफी हद तक भ्रष्टाचार के मामलों पर नियंत्रण हो गया था। कर्मचारियों ने मिलीभगत करके इन सीसीटीवी कैमरों को बंद करवा दिया है। कैमरे चलाने की बात की जाती है तो कर्मचारी इन्हें खराब बताते हैं। कलेक्ट्रेट और तहसील में सारे सीसीटीवी कैमरे एक बार फिर शुरू करवाए जाएं। कलेक्ट्रेट परिसर में सड़क टूटी हुई है। जिससे लोगों को बड़ी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। कलेक्ट्रेट की चारदीवारी भी टूट गई है। जिससे आवारा पशु भीतर घुस आते हैं। सुरक्षा को भी खतरा है। सड़क और चारदिवारी का तत्काल निर्माण करवाया जाए।"

सफाई की व्यवस्था नहीं, कर्मचारी नियुक्त हो
बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट अतुल शर्मा ने कहा, "कलेक्ट्रेट परिसर में नियमित रूप से सफाई नहीं होती है। अधिवक्ता चैंबर्स के पास बने शौचालयों का बुरा हाल है। यहां रोजाना सैकड़ों लोग अपने कामकाज लेकर आते हैं। कई बार अदालतों और अफसरों के कार्यालयों के बाहर लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ता है। ऐसे में प्रसाधन की नितांत आवश्यकता होती है। शौचालयों का बुरा हाल होने के कारण कोई इनका उपयोग नहीं करता है। यहां नियमित सफाई होनी चाहिए। इसके लिए एक सफाई कर्मचारी की स्थाई नियुक्ति करने की आवश्यकता है। एडवोकेट चैंबर्स के सामने अवैध कार पार्किंग चल रही है। वहां कुछ गुंडा तत्व अवैध वसूली करते हैं। इसे तत्काल बंद करवाया जाए। कलेक्ट्रेट परिसर मुख्य मार्ग और सर्विस लेन से नीचे है। जिसकी वजह से हर साल बरसात के दिनों में पानी भर जाता है। करीब 2 महीने तक कामकाज बुरी तरह प्रभावित होता है। लोगों को कलेक्ट्रेट आने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इस समस्या का समाधान अगली बरसात से पहले करवाया जाना जरूरी है।

डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन की बैठक की अध्यक्षता एडवोकेट राजकुमार नागर ने की और संचालन एडवोकेट सतवीर सिंह ने किया। बैठक में उपाध्यक्ष राकेश कुमार शर्मा, सह सचिव भीम सिंह, कोषाध्यक्ष चंद्रपाल शर्मा, विजय पाल सिंह भाटी, शीशराम सिंह, विजेंद्र कुमार शर्मा, मूलचंद शर्मा, दिनेश कुमार ठाकुर, संजय नागर, मनोज नागर, अतुल शर्मा, देवेंद्र सिंह रावल, विनोद नागर और धनपाल सिंह मुख्य रूप से मौजूद रहे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.