अवैध कॉलोनी पर चला बुलडोजर, अवैध खनन करने वालों पर एफआईआर

यमुना अथॉरिटी का बड़ा एक्शन : अवैध कॉलोनी पर चला बुलडोजर, अवैध खनन करने वालों पर एफआईआर

अवैध कॉलोनी पर चला बुलडोजर, अवैध खनन करने वालों पर एफआईआर

Google Image | Symbolic Photo

Yamuna City : यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (Yamuna Authority) ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की है। यमुना सिटी के दो अलग-अलग सेक्टरों में भू-माफिया और खनन माफिया पर कार्रवाई की गई है। यमुना प्राधिकरण के एक भूखण्ड पर अतिक्रमण करके अवैध रूप से प्लॉटिंग की गई थी। अथॉरिटी के दस्ते ने इस अवैध अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया है। दूसरी तरफ सेक्टर-18 में अवैध रूप से मिट्टी का खनन किया जा रहा था। प्राधिकरण ने अवैध खनन करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है।

19 करोड़ रुपये की जमीन मुक्त हुई
यमुना अथॉरिटी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक प्राधिकरण क्षेत्र के सेक्टर-17ए में भूखंड संख्या नौ पर अवैध रूप से अतिक्रमण किया गया था। इस भूखंड का क्षेत्रफल दो एकड़ है और कीमत लगभग 19 करोड़ रुपये है। अवैध अतिक्रमण की वजह से आवंटी को परेशानी हो रही थी। प्राधिकरण का दस्ता शुक्रवार की सुबह मौके पर पहुंचा। वहां अवैध रूप से प्लॉटिंग की गई थी। अथॉरिटी के अमले ने अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया है। दो एकड़ का भूखंड खाली करा लिया गया है।

खनन माफिया पर एफआईआर
प्राधिकरण की ओर से जानकारी दी गई है कि सेक्टर-18 के पॉकेट आई में बिजली घर का निर्माण किया गया है। बिजली घर के समीप अवैध मिट्टी का खनन किया जा रहा है। जानकारी मिलने पर अधिकारियों ने सुरक्षाकर्मियों को अवैध खनन रोकने का आदेश दिया। प्राधिकरण के सुरक्षाकर्मियों ने अवैध खनन को रोक दिया है। खनन करने वालों के खिलाफ दनकौर थाने में एफआइआर दर्ज करवाई गई है। यमुना अथॉरिटी के कार्यवाहक मुख्य कार्यपालक अधिकारी कपिल सिंह ने कहा कि अवैध अतिक्रमण करने वालों और अवैध खनन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। ऐसे लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। आपको बता दें कि यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉक्टर अरुणवीर सिंह छुट्टी पर हैं। उनका कार्यभार अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी कपिल कुमार सिंह के पास है।

Copyright © 2022 - 2023 Tricity. All Rights Reserved.