बजट बढ़कर 5,575 करोड रुपए हुआ, एयरपोर्ट, मेट्रो और भूमि अधिग्रहण पर होगा सबसे ज्यादा खर्च

यमुना अथॉरिटी से बड़ी खबर : बजट बढ़कर 5,575 करोड रुपए हुआ, एयरपोर्ट, मेट्रो और भूमि अधिग्रहण पर होगा सबसे ज्यादा खर्च

बजट बढ़कर 5,575 करोड रुपए हुआ, एयरपोर्ट, मेट्रो और भूमि अधिग्रहण पर होगा सबसे ज्यादा खर्च

Tricity Today | बोर्ड मीटिंग

Lucknow/Greater Noida News : यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (Yamuna Authority) की 76वीं बोर्ड बैठक सोमवार को लखनऊ में हुई है। इस बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं। यमुना अथॉरिटी ने भूखंड आवंटन की दरों में अच्छी-खासी बढ़ोतरी कर दी है। आगामी वित्त वर्ष 2023-24 का बजट भी पेश किया गया है। 31 मार्च 2023 को खत्म होने वाले वित्त वर्ष के मुकाबले अगले वित्त वर्ष (2023-24) का बजट 23% ज्यादा है। एक आधिकारिक बयान में यमुना अथॉरिटी की ओर से बताया गया है कि अगले वित्त वर्ष में प्राधिकरण की आमदनी 5,574.85 करोड रुपए रखी गई है। इसी तरह तमाम विकास योजनाओं पर खर्च का लक्ष्य 5,569.61 करोड रुपए निर्धारित किया गया है।

जेवर एयरपोर्ट की बदौलत घाटे से उबरी यमुना अथॉरिटी
यमुना अथॉरिटी के दायरे में जेवर के पास नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे का निर्माण तेजी से चल रहा है। अगले साल यहां से उड़ान शुरू हो जाएंगी। इस मेगा इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट का यमुना अथॉरिटी की अर्थव्यवस्था पर सकारात्मक असर देखने के लिए मिला है। प्राधिकरण घाटे से उबर चुका है। अथॉरिटी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ.अरुणवीर सिंह ने कहा, "इस साल प्राधिकरण ने कोई कर्ज नहीं लिया है बल्कि कर्ज चुकाया है। अथॉरिटी ने इस साल 533.11 करोड़ रुपए का ऋण वापस किया है। 1 अप्रैल 2023 से शुरू होने वाले वित्त वर्ष के लिए 23% ज्यादा बजट प्रस्तावित है।  अगर वित्त वर्ष 2022-23 के पुनरीक्षित बजट से तुलना की जाए तो अगले वित्त वर्ष का बजट लगभग 2 गुना बड़ा है।"

अथॉरिटी को 5,574.85 करोड़ रुपए की आय होगी
सीईओ ने बताया कि 1 अप्रैल 2023 से शुरू होने वाले वित्त वर्ष के दौरान यमुना अथॉरिटी को 5,574.85 करोड़ रुपए के राजस्व की प्राप्तियां होंगी। आने वाले दिनों में प्राधिकरण को जमीन की ज्यादा जरूरत पड़ेगी। इसके लिए 1,530 करोड़ रुपए के ऋण लिए जाएंगे। प्राधिकरण अपनी ओर से 1,731 करोड़ रुपए भूमि अधिग्रहण के लिए आवंटित किए हैं। इस तरह अगले एक वर्ष के दौरान भूमि अधिग्रहण पर यमुना अथॉरिटी 3,260 करोड़ रुपए खर्च करेगी। इसी दौरान 3,843.82 करोड़ रुपए प्राधिकरण को प्राप्त होंगे। इनमें से 3,048.20 करोड़ रुपए आवंटियों से मिलेंगे। दूसरे स्रोतों से 795.61 करोड़ रुपए की आय अर्जित होगी।

एयरपोर्ट पर 805 करोड़ और कनेक्टिविटी पर 500 करोड़
डॉ.अरुणवीर सिंह ने बताया कि 1 अप्रैल 2023 से 31 मार्च 2024 तक प्राधिकरण 5,569.6 करोड रुपए खर्च करेगा। इनमें पूंजीगत व्यय के तहत 5.39 करोड़ रुपए का प्रावधान है। अथॉरिटी पूरे वित्त वर्ष के दौरान 801.50 करोड़ रुपए ऋण और अग्रिम के रूप में लौटाएगी। निर्माण और विकास कार्यों पर 1,395.59 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। 195.38 करोड़ रुपए के अन्य व्यय शामिल किए गए हैं। जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर 805 करोड़ रुपए प्राधिकरण खर्च करेगा। दिल्ली-एनसीआर से इंटरनेशनल एयरपोर्ट को कनेक्टिविटी देने के लिए मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी प्रोजेक्ट पर 500 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.