नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का असर, यमुना अथॉरिटी की आय में 19% इजाफा, सुपरहिट रहीं भूखण्ड आवंटन योजनाएं

बड़ी खबर : नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का असर, यमुना अथॉरिटी की आय में 19% इजाफा, सुपरहिट रहीं भूखण्ड आवंटन योजनाएं

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का असर, यमुना अथॉरिटी की आय में 19% इजाफा, सुपरहिट रहीं भूखण्ड आवंटन योजनाएं

Tricity Today | Symbolic Photo

Greater Noida : यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (Yamuna Authority) को जेवर में बन रहे नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे का भरपूर लाभ मिल रहा है। अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि पिछले वित्त वर्ष के मुकाबले इस साल अब तक की तीन तिमाही में अथॉरिटी को करीब 19 फ़ीसदी ज्यादा राजस्व की प्राप्ति हुई हैं। मतलब, प्राधिकरण की आय बढ़ रही है। यह जानकारी शुक्रवार को अथॉरिटी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ.अरुणवीर सिंह ने दी है। आपको बता दें कि शुक्रवार को प्राधिकरण की बोर्ड बैठक हुई। जिसकी अध्यक्षता अपर मुख्य सचिव (औद्योगिक विकास) अरविंद कुमार ने की।

इस साल अब तक 1,350 करोड़ रुपये
यमुना अथॉरिटी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी अरुणवीर सिंह ने बताया, "पिछले वित्त वर्ष यानी 2021-22 में 24 नवंबर 2021 तक कुल राजस्व प्राप्तियां 1,136.09 करोड़ रुपये थीं। चालू वित्त वर्ष 2022-23 में 24 नवंबर 2022 तक प्राधिकरण की कुल आय 1349.81 करोड़ रुपये है। यह पिछले वित्त वर्ष से समान अवधि में 18.81% ज्यादा है।" सीईओ ने आगे बताया कि वित्त वर्ष 2021-22 में 24 नवंबर 2021 तक का कुल राजस्व भुगतान 931.16 करोड रुपये था। मतलब, पिछले वित्त वर्ष के दौरान विभिन्न योजनाओं पर प्राधिकरण ने 931.16 करोड़ रुपये खर्च किए थे। चालू वित्त वर्ष में इसी अवधि तक प्राधिकरण ने 694.30 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। आपको बता दें कि यह पैसा यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट पर खर्च किया गया है।

जेवर एयरपोर्ट से मिल रहा है बड़ा फायदा
यमुना अथॉरिटी के दायरे में जेवर कस्बे के पास नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे का निर्माण चल रहा है। हवाईअड्डे का निर्माण चलते एक वर्ष पूरा हो चुका है। आपको बता दें कि पिछले साल 25 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे का जेवर आकर शिलान्यास किया था। इस मेगा इंफ्रास्ट्रक्चरल प्रोजेक्ट का यमुना अथॉरिटी को भरपूर लाभ मिल रहा है। पिछले एक वर्ष के दौरान प्राधिकरण ने जितनी भूखंड आवंटन योजनाएं लांच की हैं, उन्हें निवेशकों ने हाथों-हाथ लिया है। जिससे प्राधिकरण की आय में तेजी से वृद्धि हो रही है। दूसरी ओर यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियां भरपूर निवेश कर रही हैं। आपको बता दें कि यह भारत का सबसे बड़ा, एशिया का दूसरा सबसे बड़ा और दुनिया का चौथा सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा बनेगा।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.