भूमाफिया और अवैध कॉलोनाइजरों की आने वाली है शामत, यमुना अथॉरिटी दर्ज करवा रही मुकदमे

BIG BREAKING : भूमाफिया और अवैध कॉलोनाइजरों की आने वाली है शामत, यमुना अथॉरिटी दर्ज करवा रही मुकदमे

भूमाफिया और अवैध कॉलोनाइजरों की आने वाली है शामत, यमुना अथॉरिटी दर्ज करवा रही मुकदमे

Tricity Today | यमुना अथॉरिटी | File Photo

Greater Noida : यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (Yamuna Authority) के क्षेत्र में सक्रिय भू-माफिया, बिल्डरों और अवैध कॉलोनाइजरों की शामत आने वाली है। किसानों और भोले-भाले लोगों को झांसा देकर करोड़ों रुपए का चूना लगा रहे इन सारे लोगों पर एफआईआर दर्ज करवाई जा रही हैं। दरअसल, ऐसे लोगों का एक बड़ा गिरोह यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में सक्रिय है। ये लोग जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से नजदीकी बताकर धड़ाधड़ प्लॉटिंग कर रहे हैं। जिसमें दिल्ली-एनसीआर समेत दूर-दराज के शहरों के निवासियों से गाढ़ी कमाई लूटी जा रही है। आपको बता दें कि शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए यमुना प्राधिकरण ने 230 करोड़ रुपए की जमीन बिल्डरों और कॉलोनाइजरों के चंगुल से मुक्त करवाई है।

100 लोगों की लिस्ट हुई तैयार
यमुना अथॉरिटी अलीगढ़ जिले के टप्पल इलाके में शुक्रवार अवैध कॉलोनी ध्वस्त करने के बाद अब कॉलोनी काटने वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराएगी। कॉलोनी काटने वालों की सूची तैयार की जा रही है। मिली जानकारी के मुताबिक अब तक 100 लोगों के नाम सामने आ चुके हैं। टप्पल में शुक्रवार को यमुना अथॉरिटी ने अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाकर 230 करोड़ रुपये की जमीन को मुक्त कराया है। वहीं, यमुना अथॉरिटी ने लोगों से कहा है कि टप्पल नगर पंचायत का एरिया अब पूरी तरह से यमुना अथॉरिटी के अधिसूचित एरिया में आ गया है। इसके लिए सरकार ने कैबिनेट से प्रस्ताव पास करके गजट नोटिफिकेशन का प्रकाशन कर दिया है।

अथॉरिटी ने डेमोलिशन नोटिस भेजे
टप्पल में यमुना अथॉरिटी लॉजेस्टिक पार्क बनाएगी। अवैध रूप से कब्जा करने वालों को धारा-10 के नोटिस जारी किए गए हैं। टप्पल का एरिया पूरी तरह से यमुना अथॉरिटी के मास्टर प्लान फेस-2 का हिस्सा है। इस एरिया में अथॉरिटी लॉजिस्टिक पार्क समेत कई अहम योजनाएं लाने जा रही है। लॉजिस्टिक पार्क बेहद महत्वपूर्ण है। क्योंकि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास देश का सबसे बडा कार्गो हब बनाया जा रहा है। यहां से देश-विदेशों के लिए हवाई जहाज के जरिए इंडस्ट्री का कच्चा और पक्का माल आयात-निर्यात किया जाएगा। कच्चा और पक्का माल लॉजिस्टिक हब में बनने वाले वेयरहाउस में रखा जाएगा। इससे उद्यमियों को अपना सामान देश-विदेश भेजने में कोई परेशानी नहीं होगी। उद्यमी अपना माल वेयरहाउस में हिफाजत के साथ रख सकते हैं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.