दस जून को आएगी 6000 हजार रेजीडेंशियल प्लॉट्स की स्कीम, पढ़िए पूरी जानकारी

यमुना प्राधिकरण से बड़ी खबर : दस जून को आएगी 6000 हजार रेजीडेंशियल प्लॉट्स की स्कीम, पढ़िए पूरी जानकारी

दस जून को आएगी 6000 हजार रेजीडेंशियल प्लॉट्स की स्कीम, पढ़िए पूरी जानकारी

Google Image | Symbolic Image

Greater Noida News : यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (यीडा) जून महीने में निम्न आय वर्ग के लिए एक विशेष आवासीय योजना लेकर आ रही है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य अवैध कॉलोनियों के निर्माण पर रोक लगाना और उनके निवासियों को वैध व सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना है।

इस योजना के तहत यीडा 30 वर्ग मीटर क्षेत्रफल वाले 6000 भूखंडों का आवंटन करेगी। भूखंड लॉटरी प्रणाली के माध्यम से आवंटित किए जाएंगे। आवंटियों को 2.5 मंजिल ऊंचा मकान बनाने की अनुमति होगी। इन भूखंडों की कीमत महज 7.5 लाख रुपये निर्धारित की गई है, जिसका भुगतान लंबी अवधि की किस्तों में किया जा सकेगा।

यमुना अथॉरिटी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. अरुणवीर सिंह ने बताया कि आवेदन करने के लिए लोगों को तहसील से जारी किया गया निम्न आय वर्ग प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। उन्होंने कहा कि यह योजना शहरों में अवैध कॉलोनियों के निर्माण पर लगाम कसने में मदद करेगी।

डॉ. सिंह के अनुसार, कम आय वर्ग के परिवार भी नए शहरों में रहना चाहते हैं, लेकिन महंगी दरों के कारण अवैध कॉलोनियों में बसने को मजबूर होते हैं। इस योजना से उन्हें सस्ते दामों पर वैध आवास मिल सकेगा। इन भूखंडों की कीमतें आम बाजार दरों से काफी कम होंगी और भुगतान आसान किस्तों में किया जा सकेगा। यह योजना पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए ऑनलाइन प्रणाली पर आधारित होगी।

इस कदम से शहरी क्षेत्रों में अवैध बसावटों पर नियंत्रण पाने और निम्न आय वर्ग को वैध व सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। साथ ही शहरी विकास को भी गति मिलेगी। अरुणवीर सिंह ने बताया कि इस योजना की घोषणा 10 जून को कर दी जाएगी। 10 जून से ही लोग आवेदन कर सकते हैं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.