79.57 करोड़ की दो बड़ी परियोजना, एक साल में होंगी पूरी, जानिए क्या होगा खास

योगी आदित्यनाथ की ग्रेटर नोएडा को सौगात : 79.57 करोड़ की दो बड़ी परियोजना, एक साल में होंगी पूरी, जानिए क्या होगा खास

79.57 करोड़ की दो बड़ी परियोजना, एक साल में होंगी पूरी, जानिए क्या होगा खास

Tricity Today | योगी आदित्यनाथ

Greater Noida News : उत्तर प्रदेश की योगी सरकार (Yogi government) ने ग्रेटर नोएडा के विकास को नई गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। सरकार ने दो प्रमुख परियोजनाओं-सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) और गंगा जल प्रोजेक्ट-पर काम शुरू कर दिया है। अगले एक साल में परियोजना पूरी होने का अनुमान भी लगाया जा रहा है। 

एक साल में मिलेगी विकास को रफ्तार
जानकारी के मुताबिक, सेक्टर-1 में 79.57 करोड़ रुपये की लागत से एक अत्याधुनिक 'सिक्वेंशियल बैच रिएक्टर टेक्नोलॉजी' आधारित एसटीपी स्थापित किया जाएगा। यह 45 एमएलडी क्षमता का प्लांट होगा, जिसे 15 महीनों में पूरा करने का लक्ष्य है। इस प्लांट की विशेषता यह है कि यह वॉटर रीक्लेमेशन सुविधा से भी लैस होगा और सौर ऊर्जा का उपयोग करेगा। इसके अलावा, 85 क्यूसेक क्षमता वाले गंगा जल प्रोजेक्ट को भी गति दी जा रही है। इस परियोजना के तहत तीन जोनल रिजर्वॉयर में इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल और अन्य सिविल कार्यों को शीघ्र पूरा करने पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। इस प्रोजेक्ट पर कुल 11.44 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है और इसे अगले एक साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका
ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने दोनों परियोजनाओं के लिए एजेंसी निर्धारण और कार्य आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सरकार का फोकस इन परियोजनाओं को उच्च गुणवत्ता के साथ जल्द से जल्द पूरा करने पर है। ये परियोजनाएं न केवल ग्रेटर नोएडा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करेंगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। एसटीपी अपशिष्ट जल के बेहतर प्रबंधन में मदद करेगा, जबकि गंगा जल प्रोजेक्ट क्षेत्र में जल आपूर्ति को बेहतर बनाएगा।

'उत्तम प्रदेश' बनाने की पहल 
इन परियोजनाओं के माध्यम से, योगी सरकार उत्तर प्रदेश को 'उत्तम प्रदेश' बनाने के अपने विजन की ओर एक कदम और आगे बढ़ रही है। ग्रेटर नोएडा के निवासियों को उम्मीद है कि इन परियोजनाओं से उनके जीवन की गुणवत्ता में सुधार आएगा और क्षेत्र का समग्र विकास होगा।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.