योगी ने परखीं जिले की विकास योजनाएं, बोले- लॉ एंड ऑर्डर और बेहतर बनाएंगे

गौतमबुद्ध नगर : योगी ने परखीं जिले की विकास योजनाएं, बोले- लॉ एंड ऑर्डर और बेहतर बनाएंगे

योगी ने परखीं जिले की विकास योजनाएं, बोले- लॉ एंड ऑर्डर और बेहतर बनाएंगे

Tricity Today | ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण में बैठक करते CM Yogi

Greater Noida : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) सोमवार को दो दिवसीय दौरे पर ग्रेटर नोएडा आए हैं। सोमवार को उन्होंने पहले हीरानन्दानी समूह के योटा डाटा सेंटर का उद्घाटन किया है। इसके बाद शाम को ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण में बैठक की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गौतमबुद्ध नगर की कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। जिले में चल रही विकास योजनाओं के बारे जानकारी ली। इस दौरान सीएम ने कहा, "कानून-व्यवस्था को और बेहतर बनाएंगे। विकास योजनाओं को और तेजी से पूरा करें। राजस्व वसूली पर ध्यान दें। विकास प्राधिकरण बकाया वसूली करें।"

राजस्व वसूली बढ़ाएं, तभी विकास होगा
योगी आदित्यनाथ ने अफसरों से कहा, "राजस्व वसूली पर गौर दिया जाए। जब पैसा होगा तभी विकास योजनाएं तेजी के साथ आगे बढ़ेंगी। जिला प्रशासन शत-प्रतिशत राजस्व वसूली करें। विकास प्राधिकरण बकाया वसूली पर ध्यान दें। बिल्डरों और दूसरे डिफॉल्टर आवंटियों पर बकाया पैसा सख्ती के साथ वसूल किया जाए।" मुख्यमंत्री ने जिले में चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा, "विकास योजनाएं समय पर पूरी होनी चाहिए। लंबा वक्त खिंचने से परियोजनाओं की लागत बढ़ती है। इससे पैसे का दुरुपयोग होता है।"

15 नवंबर तक सड़कों को गड्ढा मुक्त किया जाए
मुख्यमंत्री ने गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन और तीनों विकास प्राधिकरण को आदेश दिया है कि 15 नवंबर तक जिले की तमाम सड़कों को गड्ढा मुक्त किया जाए। सड़कों में गड्ढे होने से अर्थव्यवस्था को नुकसान होता है। वाहनों को नुकसान होता है। आम आदमी को परेशानी होती है। नोएडा और ग्रेटर नोएडा अंतरराष्ट्रीय शहर है। यहां का यातायात अच्छा होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने ऑपरेशन कायाकल्प की भी समीक्षा की है। प्राधिकरण और जिला प्रशासन को आदेश दिया कि ऑपरेशन कायाकल्प के तहत चल रहे कार्यों को समयबद्ध पूरा किया जाए।

जनप्रतिनिधि और अफसर परस्पर संवाद बनाकर रखें
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समीक्षा बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों और अफसरों को परस्पर सामंजस्य बनाकर रखने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा, "दोनों का कार्य आमजन की समस्याओं का समाधान करना है। लिहाजा, मिलकर आम आदमी की परेशानियों का समाधान करें।" मुख्यमंत्री ने आगे कहा, "राज्य में नगर निकाय चुनाव आने वाले हैं। जनप्रतिनिधि संयमित भाषा का उपयोग करें। समीक्षा बैठक के दौरान उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ.महेश शर्मा, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर, नोएडा के विधायक पंकज सिंह, जेवर के विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह, दादरी के विधायक तेजपाल सिंह नागर, मेरठ-सहारनपुर मंडल के शिक्षक एमएलसी श्रीचंद शर्मा और स्थानीय निकाय एमएलसी नरेंद्र भाटी मौजूद रहे। दूसरी ओर मेरठ की मंडलायुक्त सेल्वा कुमारी, गौतमबुद्ध नगर के पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह, नोएडा और ग्रेटर नोएडा की मुख्य कार्यपालक अधिकारी ऋतु महेश्वरी समीक्षा बैठक में शामिल हुईं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.