यमुना प्राधिकरण पर मेहरबान योगी सरकार, कहा- लो 1500 करोड़ रुपए और जमीन खरीदो

BIG BREAKING : यमुना प्राधिकरण पर मेहरबान योगी सरकार, कहा- लो 1500 करोड़ रुपए और जमीन खरीदो

यमुना प्राधिकरण पर मेहरबान योगी सरकार, कहा- लो 1500 करोड़ रुपए और जमीन खरीदो

Tricity Today | यमुना प्राधिकरण पर मेहरबान योगी सरकार

Uttar Pradesh/Greater Noida News : उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने बुधवार को यीडा, यूपीडा और यूपीसीडा के औद्योगिक क्षेत्रों के विस्तार के लिए 2940 करोड़ रूपए के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की है। निवेश का बेस्ट डेस्टीनेशन और देश का ग्रोथ इंजन बन चुके उत्तर प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्रों के विस्तार में कोई कमी नहीं आए, इसके लिए प्रदेश सरकार द्वारा कोई कमी नहीं छोड़ी जा रही है। औद्योगिक क्षेत्रों के विस्तारीकरण और नए औद्योगिक क्षेत्रों के विस्तार योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2023-2024 में 8000 करोड़ की धनराशि निर्धारित की गई थी। जिसमें से अभी तक कुल 7042.67 करोड़ रुपए की धनराशि की स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है।

यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के तहत 40 लाख करोड़ का निवेश मिला
मंत्री नन्दी ने आगे कहा कि उद्यमियों के हितों के संरक्षण, सिंगल विंडो सिस्टम, त्वरित और जवाबदेह प्रक्रिया के विकास से हम बड़े पैमाने पर निवेशकों को आकर्षित करने में सफल हुए हैं। जिसका परिणाम रहा है कि फरवरी 2023 में सम्पन्न यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर समिट में 33.50 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए थे, जो अब 40 लाख करोड़ के करीब पहुंच चुका है। देश और दुनिया की नामी गिरामी कम्पनियां आज उत्तर प्रदेश में निवेश कर रही हैं या फिर निवेश के लिए आतुर हैं। 

कौन से प्राधिकरण को कितने रुपए मिले
मुख्यमंत्री औद्योगिक क्षेत्र विस्तारीकरण नए औद्योगिक क्षेत्र विस्तार योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2023-2024 में 8000 करोड़ रुपए का प्राविधान किया गया था। जिसमें से 3000 करोड़ रुपए नवगठित बुन्देलखण्ड औद्योगिक विकास प्राधिकरण को भूमि अधिग्रहण के लिए प्रदान किया जा चुका है। शेष 5000 करोड़ की धनराशि में से उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) को 1000 करोड़, यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) को 1500 करोड़ और उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) को 440 करोड़ रुपए नए औद्योगिक क्षेत्र विस्तार एवं विकास के लिए अनुमोदित किए जाने के प्रस्ताव को औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने बुधवार को स्वीकृति प्रदान की। 

अब तक 7042.67 करोड़ रुपए की स्वीकृति मिली
वहीं, अभी हाल ही में यीडा को 279 करोड़ और गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) को 823.67 करोड़ रूपए की धनराशि दी जा चुकी है। सभी औद्योगिक विकास प्राधिकरणों को औद्योगिक क्षेत्रों के विस्तार के लिए निर्धारित 8000 करोड़ की धनराशि में अब तक 7042.67 करोड़ की धनराशि प्रदान करने की स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.