गुरुग्राम रेलवे में तैनात एएसआई को पत्नी ने उतारा मौत के घाट

पहले दिन लंबी उम्र का रखा व्रत, दूसरे दिन गोलियों से भूना : गुरुग्राम रेलवे में तैनात एएसआई को पत्नी ने उतारा मौत के घाट

गुरुग्राम रेलवे में तैनात एएसआई को पत्नी ने उतारा मौत के घाट

Google Image | Symbolic

Gurugram News : करवा चौथ पर महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र के लिए पूरे दिन निर्जला व्रत रखती हैं। लेकिन, गुरुग्राम में करवा चौथ के अगले दिन एक महिला ने अपने पति को गोलियों से भून दिया। मरने वाला जीआरपी के एक असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर था। वह सेक्टर 10 में रहता था। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के भाई ने पत्नी और बेटे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। 
क्या है पूरा मामला 
पुलिस को दी शिकायत में मृतक के भाई ने बताया कि उनका भाई राजवीर अपनी पत्नी आरती और बेटे के साथ गुरुग्राम के सेक्टर-10 में रहता था। 49 वर्षीय राजवीर मूल रूप से गांव शिकोपुर का रहने वाला था। राजवीर राजकीय रेलवे पुलिस में एएसआई के पद पर रेवाड़ी में तैनात था। बेटे और बहू के बीच चल रहे विवाद को लेकर उनका और उनकी पत्नी आरती का अक्सर झगड़ा होता रहता था। उन्होंने ने बताया कि राजवीर की बहू दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल है और वह अपने पति से अलग रहती है।

महिला ने अपने पति पर लगाया आरोप 
पुलिस के मुताबिक, घटना गुरुवार सुबह करीब 5 बजे की है। कथित तौर पर राजवीर और उसकी पत्नी आरती के बीच उस समय फिर झगड़ा हो गया, जब राजवीर नशे की हालत में था। उसके पास अवैध हथियार था। अस्पताल में भर्ती आरती ने पुलिस को दिए अपने बयान में कहा कि उनके बीच तीखी बहस के बाद राजबीर ने उस पर गोली चला दी और गोली उसके हाथ में लगी। इसके बाद हथियार बिस्तर पर गिर गया और उसने हथियार उठाकर राजबीर पर लगातार गोलियां चला दीं। सिर में तीन गोलियां लगने से राजवीर गंभीर रूप से घायल हो गया। पति-पत्नी दोनों को उनके बेटे यश यादव उर्फ अनु ने अस्पताल पहुंचाया। वहां राजवीर की मौत हो गई। मृतक के बड़े भाई की शिकायत पर सेक्टर-10 पुलिस ने राजवीर की पत्नी और बेटे के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.