पीएम मोदी ने दिया जश्न मनाने का मौका, चौधरी साहब को भारत रत्न मिलने के ऐलान पर झूमा नूरपुर मढैया

हापुड़ से अच्छी खबर : पीएम मोदी ने दिया जश्न मनाने का मौका, चौधरी साहब को भारत रत्न मिलने के ऐलान पर झूमा नूरपुर मढैया

पीएम मोदी ने दिया जश्न मनाने का मौका, चौधरी साहब को भारत रत्न मिलने के ऐलान पर झूमा नूरपुर मढैया

Tricity Today | गांव नूरपुर के मढैया में जोरदार जश्न मनाया गया।

Hapur News : पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न मिलने पर जन्मस्थली जिले के गांव नूरपुर के मढैया में जोरदार जश्न मनाया गया। पूर्व प्रधानमंत्री की प्रतिमा पर रालोद पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने माल्यापर्ण कर मिठाई वितरित की।

जिले में खुशी की लहर 
पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह का जन्म 23 दिसंबर-1902 को जिले के गांव नूरपुर की मढैया में हुआ था। उनके पिता चौधरी मीर सिंह साधारण किसान थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जैसे ही चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न देने का ऐलान किया, वैसे ही हापुड़ जिले के साथ-साथ गांव नूरपुर की मढैया में जश्न का माहौल बन गया। इस ऐलान के बाद किसानों की खुशी छुपाए नहीं छुप रहीं थी। हर कोई इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करता दिख रहा था। बताते चलें कि चौधरी चरण सिंह किसानों के मसीहा के रूप में जाने जाते हैं। चौधरी चरण सिंह की जन्मस्थली में उनके वंशज और ग्रामीणों सहित जिले के लोगों में ख़ुशी देखने को मिल रही है। लोग एक-दूसरे को मिठाईयां खिला रहे हैं। राष्ट्रीय लोकदल के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने भी चौधरी चरण सिंह की जन्मस्थली पर पहुंचे। जहां उनकी प्रतिमा पर माल्यापर्ण कर मिठाई का वितरण किया गया।

क्या बोले राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश महासचिव
राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश महासचिव शिवकुमार त्यागी ने कहा कि वर्षों पुरानी इस मांग को पूरा किया गया है। पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह ने हमेशा किसानों की आवाज को उठाया। उन्होंने सिद्धान्तों से कभी समझौता नहीं किया। हमेशा किसान, मजदूरों के हित में का काम किया। नूरपुर की मढैया के चौधरी सुमेर सिंह ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न मिलने से सभी ग्रामीण खुश हैं। काफी संख्या में लोग चौधरी साहब की जन्मस्थली पर पहुंचे और उनकी प्रतिमा पर माल्यापर्ण किया।

प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया
हापुड़ सदर विधायक विजयपाल आढ़ती ने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने हमेशा किसानों के हित में कार्य किया है। उन्होंने सच्चाई और ईमानदारी के साथ अपना जीवन यापन किया। उनके द्वारा कई एतिहासिक फैसले लिए गए थे। उनके कार्यों को कभी भुलाया नहीं जा सकता है। पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न मिलना हर्ष की बात है। इसके लिए वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हैं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.