हापुड़ एसपी ऑफिस बना जंग का अखाड़ा, दिल्ली के दरोगा ने ग्रेटर नोएडा वालों को जमकर पीटा

बड़ी खबर : हापुड़ एसपी ऑफिस बना जंग का अखाड़ा, दिल्ली के दरोगा ने ग्रेटर नोएडा वालों को जमकर पीटा

हापुड़ एसपी ऑफिस बना जंग का अखाड़ा, दिल्ली के दरोगा ने ग्रेटर नोएडा वालों को जमकर पीटा

Tricity Today | पिता करणवीर दिल्ली पुलिस में दरोगा

Hapur News : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश अनुसार यूपी के सभी थानों में काउंसलिंग के लिए अलग से टीम बनाई गई है। जहां पर पति-पत्नी के विवाद सुलझाए जाते हैं, जिससे तलाक की नौबत ना आए। लेकिन हापुड़ में काउंसलिंग के दौरान कुछ ऐसा हुआ कि पुलिस को लड़के पक्ष खिलाफ एक्शन लेना पड़ा। इतना ही नहीं दिल्ली पुलिस के दरोगा समेत 4 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज भी हुआ है। यह पूरा मामला ग्रेटर नोएडा से भी जुड़ा हुआ है।

12 मई 2022 को हुई थी शादी
मिली जानकारी के मुताबिक ग्रेटर नोएडा के दनकौर कस्बे में रहने वाले आजाद सिंह ने बीते 12 मई 2022 को अपनी बेटी पल्लवी की शादी हापुड़ के पिलुखवा क्षेत्र में रहने वाले देवेश से करवाई थी। देवेश इस समय इंडियन आर्मी में तैनात हैं। उसके पिता करणवीर दिल्ली पुलिस में दरोगा के पद पर तैनात हैं। 

काउंसलिंग के दौरान मारपीट हुई
आजाद सिंह का कहना है कि उन्होंने अपनी बेटी पल्लवी की शादी में लाखों रुपए खर्च किए थे। शादी के बाद उनके समधी और दामाद देवेश अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर उनकी बेटी को घर से निकाल दिया गया। मामला हापुड़ पुलिस के पास पहुंचा। जहां पर एसपी कार्यालय में काउंसलिंग की जा रही थी। उसी दौरान लड़की के ससुर ने लड़की वालों पर हमला करना शुरू कर दिया। विवाद के दौरान मारपीट हो गई।

इन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
इस मामले में हापुड़ के एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि काउंसलिंग के दौरान लड़के पक्ष के लोगों ने लड़की पक्ष पर हमला किया है। जिसमें लड़के का पिता दरोगा कर्मवीर, लड़का देवेश और उसके साथी जितेंद्र सिंह व अज्ञात का नाम शामिल है। पुलिस ने इस मामले में तत्काल एक्शन लिया। लड़की पक्ष की तरफ से आजाद सिंह, सुशीला, पल्लवी और रघुराज ने मुकदमा दर्ज करवाया है।

Copyright © 2022 - 2023 Tricity. All Rights Reserved.