विपक्षी सांसदों के निलंबन पर INDIA गठबंधन दलों का जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन

Hapur News : विपक्षी सांसदों के निलंबन पर INDIA गठबंधन दलों का जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन

विपक्षी सांसदों के निलंबन पर INDIA गठबंधन दलों का जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन

Trycity | Symbolic

Hapur : INDIA गठबंधन में शामिल दलों ने दिल्ली रोड स्थित कलेक्ट्रेट पर विपक्ष के 143 सांसदों के निलंबन को लेकर सरकार के खिलाफ जबरदस्त प्रदर्शन किया। इसमें कांग्रेस, समाजवादी, राष्ट्रीय लोकदल, आम आदमी पार्टी सहित दर्जनों विपक्षी दलों ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी को सौंपा। 

क्या बोले कांग्रेस जिलाध्यक्ष
कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मिथुन सुबोध त्यागी ने कहा कि देश में लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। विपक्ष जब भी आवाज उठाता है, मुद्दे की बात करता है, रोजगार, किसान की बात करता है, उन आवाजों को दबाने का काम किया जा रहा है। कुछ समय पहले राहुल गांधी की सदस्यता समाप्त की गई थी। वह केवल सरकार से सवाल पूछ रहे थे। आज विपक्ष के 143 सांसदों का जिस तरह से निलंबन किया गया है, यह लोकतंत्र की हत्या और आवाज दबाने का कार्य है। उन्होंने कहा कि आप गोली चलाएं, लाठी चलाइए, जेल भेजिए। हम लोकतंत्र हत्या नहीं होने देंगे। 

क्या बोले सपा जिलाध्यक्ष
सपा के जिलाध्यक्ष बबलू प्रधान ने कहा कि इंडिया गंठबंधन की 19 दिसंबर को मीटिंग हुई थी। उसमें निर्णय लिया गया कि इंडिया गठबंधन में शामिल सभी पार्टियां मिलकर धरना प्रदर्शन करेंगे। केंद्र की भाजपा सरकार ने देश में ऐसा माहौल पैदा कर दिया है कि आज आम आदमी तो क्या, सांसद तक अपनी बात रखने की हिम्मत नहीं करता है। कोई बोलने की कोशिश करता है तो उसका निलंबन किया जाता है। लोकसभा और राज्यसभा में 143 सांसदों को निलंबित किया गया है। इससे सरकार भय का माहौल पैदा करना चाहती है, ताकि लोग अपनी आवाज न उठा सकें। जनता के जो मुद्दे, रोजगार, शिक्षा या किसानों के मुद्दों पर कोई चर्चा न कर सके। इसलिए यह कार्रवाई की गई है। यह एक लोकतंत्र की हत्या है। गठबंधन इसे बर्दाश्त नहीं करेगा। सभी सांसदों की सदस्यता बहाल की जाए। 

क्या बोले कांग्रेस के शहर अध्यक्ष
शहर कांग्रेस अध्यक्ष अभिषेक गोयल ने कहा कि देश में लोकतंत्र का मंदिर कही जाने वाली दोनों सदनों (लोकसभा और राज्यसभा) से विपक्ष के 143 सांसदों को केवल इस बात पर संसद से निलंबित किया गया, क्योंकि विपक्ष के सांसद संसद में सदन की सुरक्षा के मुद्दे पर सरकार से चर्चा करने की बात कर रहे थे। सदन में हुए घटनाक्रम को लेकर देश के गृहमंत्री से इस्तीफा मांगा था। विपक्ष के नेताओं द्वारा सदन में सरकार से जब सदन की सुरक्षा पर कोई जवाब नहीं मिला। इतना ही नहीं, अलोकतांत्रिक तरीके से विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए 143 सांसदों को निलंबित कर दिया गया। यह दिखाता है कि सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए कोई भी अलोकतांत्रिक कदम उठा सकती है। 

ये रहे मौजूद  
प्रदर्शन में कांग्रेस से प्रदेश सचिव मिथुन त्यागी, पूर्व प्रदेश सचिव डॉक्टर शोएब, ब्लॉक अध्यक्ष जकरिया मनसबी, सीमा शर्मा, रघुवीर सिंह एडवोकेट, नरेश कुमार भाटी, गौरव गर्ग, जितेंद्र अग्रवाल, अंकुर अग्रवाल, भरतलाल शर्मा, हरीश गर्ग, विक्की शर्मा, अमित सैनी, सपा के इकबाल कुरैशी, देवेंद्र जाखड़, संजय यादव, ललित सिंह, बिलाल एडवोकेट, संजय गहलौत, पीयूष मंडोडिया, संजय गर्ग, राष्ट्रीय लोक दल, आम आदमी पार्टी सहित अन्य विपक्षी दलों से सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.