औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना बच्चों के साथ खेले, ई-रिक्शा चलाया और ग्रामीणों की सुनीं समस्याएं

Uttar Pradesh: औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना बच्चों के साथ खेले, ई-रिक्शा चलाया और ग्रामीणों की सुनीं समस्याएं

औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना बच्चों के साथ खेले, ई-रिक्शा चलाया और ग्रामीणों की सुनीं समस्याएं

Tricity Today | औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना

Kanpur: उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना सोमवार को अपने विधानसभा क्षेत्र महाराजपुर में घूमने निकले थे। इस दौरान उनके कई रूप दिखाई दिए। कहीं वह ई-रिक्शा चलाते नजर आए, तो कहीं बच्चियों के साथ गोटियां खेलते दिखाई दिए। यहां तक कि वह खुद चाय छानते भी देखे गए। इस दौरान उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र में बड़े-बुजुर्गों, युवाओं और बच्चों का हालचाल जाना। उन्होंने कई गांवों का दौरा किया। ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उन्हें हल कराने का आश्वसान दिया। इस दौरान वह कार्यकर्ताओं से भी मिले। 

लगातार सातवीं बार चुने गए हैं
औद्योगिक विकास मंत्री कानपुर नगर के महाराजपुर सीट से लगातार दूसरी बार विधायक चुने गए हैं। हालांकि वह लगातार सातवीं बार उत्तर प्रदेश विधानसभा में एमएलए के तौर पर पहुंचे हैं। फिलहाल वह योगी आदित्यनाथ सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं। अपने निर्वाचन क्षेत्र में उनकी अनूठी पहचान है। 16वीं विधानसभा में उन्हें भारतीय जनता पार्टी ने सदन का उपनेता बनाया था। रक्षाबंधन के अगले दिन सोमवार को औद्योगिक विकास मंत्री महाराजपुर में अपने कार्यकर्ताओं के घर उनसे भेंट करने निकले थे। उनका यह दौरा कुछ हटके रहा। एक मौके पर वह खुद ई-रिक्शा चलाते दिखाई दिए।

बच्चियों के साथ खेलने लगे
इसी दौरान खरौंटी गांव के पास कुछ बच्चियां सड़क के किनारे खेल रही थी। औद्योगिक मंत्री ने उन्हें खेलते देखा तो खुद को नहीं रोक पाए और उनके साथ जमीन पर बैठकर ही खेलने लगे। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। इस पर यूजर अलग-अलग प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कुछ यूजर का कहना है कि मंत्री जी का बचपना नहीं गया। जबकि कई लोगों का मानना है कि यह सब विधानसभा चुनाव से पहले मतदाताओं को लुभाने के लिए किया जा रहा प्रयास है।

कई गांवों का किया दौरा
सोमवार की देर शाम तक वह अपने विधानसभा के कोक सरसौल, प्रेमपुर, खरौंटी और बाजखेड़ा गांव में कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों से मिले। इस दौरान उन्होंने बाजखेड़ा गांव में लोगों की समस्याएं भी सुनीं। लोगों ने गांव में बिजली की कम आपूर्ति की शिकायत दर्ज कराई। इस पर उन्होंने राहत दिलाने का आश्वासन दिया और कहा कि बिजली की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाएगी।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.