जेवर एयरपोर्ट प्रोजेक्ट में बड़ी भूमिका निभाने वाले आईएएस बीएन सिंह को इंडस्ट्री डिपार्टमेंट में तैनाती मिली

वापसी : जेवर एयरपोर्ट प्रोजेक्ट में बड़ी भूमिका निभाने वाले आईएएस बीएन सिंह को इंडस्ट्री डिपार्टमेंट में तैनाती मिली

जेवर एयरपोर्ट प्रोजेक्ट में बड़ी भूमिका निभाने वाले आईएएस बीएन सिंह को इंडस्ट्री डिपार्टमेंट में तैनाती मिली

Tricity Today | आईएएस बीएन सिंह

Lucknow News : गौतमबुद्ध नगर के जिलाधिकारी रहते जेवर के नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रोजेक्ट में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले आईएएस बीएन सिंह की वापसी हो गई है। दो साल से भी ज्यादा लंबे वक्त तक महत्वहीन पदों पर रहने के बाद शुक्रवार की शाम उन्हें औद्योगिक विकास विभाग में भेजा गया है। वह बतौर विशेष सचिव इस महत्वपूर्ण महकमे में काम करेंगे। आपको बता दें कि कोरोनावायरस की पहली लहर के दौरान गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय में मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक हुई थी। जिसमें बीएन सिंह को गौतमबुद्ध नगर से हटा दिया गया था। तब से वह रेवेन्यू बोर्ड में काम कर रहे थे।

गौतमबुद्ध नगर में लंबी तैनाती का अनुभव काम आएगा
बीएन सिंह पिछली योगी आदित्यनाथ सरकार के दौरान लंबे वक्त तक गौतमबुद्ध नगर के जिलाधिकारी रहे। इस दौरान उन्होंने नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी के साथ समन्वय बनाकर कई महत्वपूर्ण काम किए। गौतमबुद्ध नगर जिला औद्योगिक विकास की दृष्टि से उत्तर प्रदेश सरकार और राज्य के लिए सर्वाधिक महत्वपूर्ण है। ऐसे में बीएन सिंह का यह अनुभव औद्योगिक विकास विभाग में बतौर विशेष सचिव बड़ा फायदेमंद साबित हो सकता है। बीएन सिंह को दिल्ली डेवलपमेंट अथॉरिटी और नई दिल्ली म्युनिसिपल कारपोरेशन में भी काम करने का अच्छा अनुभव है। वह भारत सरकार में प्रतिनियुक्ति के दौरान कई महत्वपूर्ण विभागों में काम कर चुके हैं।

नई नियुक्ति से गौतमबुद्ध नगर के लोग खुश
बीएन सिंह की इस नई नियुक्ति से गौतमबुद्ध नगर के लोगों में खुशी है। दरअसल, जिस तरह बीएन सिंह मुख्यधारा से बाहर हुए थे, उसे लेकर जिले के लोग आहत थे। बीएन सिंह नोएडा में ही रहते हैं, इसलिए जिले के लोगों का उनसे लगाव है। उत्तर प्रदेश प्रशासनिक सेवा से पदोन्नत होकर वर्ष 2015 बैच के आईएएस बने बीएन सिंह मूलरूप से आजमगढ़ जिले के रहने वाले हैं। उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के विशेष सचिव रह चुके हैं। दिल्ली में उत्तर प्रदेश के अपर स्थानिक आयुक्त की जिम्मेदारी भी उन्होंने संभाली है। अभी 30 मार्च 2020 से उत्तर प्रदेश राजस्व परिषद में काम कर रहे थे।

जेवर एयरपोर्ट में किया महत्वपूर्ण काम
जब बीएन सिंह गौतमबुद्ध नगर के जिलाधिकारी बनकर आए तो जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए भूमि अधिग्रहण का काम शुरू होना था। गौतमबुद्ध नगर में किसानों के आंदोलन भरे इतिहास को देखते हुए यह काम आसान नहीं था। बीएन सिंह ने यह काम बेहद खूबसूरती के साथ करके दिखाया। उन्होंने प्रशासनिक अमले, यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी और जेवर के विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह की सहज मदद हासिल की। जिसकी बदौलत एयरपोर्ट के लिए भूमि अधिग्रहण आसानी से हो गया। इतना ही नहीं पूरी अधिग्रहण प्रक्रिया बेहद पारदर्शी रही। भ्रष्टाचार की एक भी शिकायत नहीं मिली।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.