लखनऊ नगर निगम में तैनात मुलायम सिंह यादव की समधन को पद से हटाया, शासन को भेजी संस्तुति

Lucknow News: लखनऊ नगर निगम में तैनात मुलायम सिंह यादव की समधन को पद से हटाया, शासन को भेजी संस्तुति

लखनऊ नगर निगम में तैनात मुलायम सिंह यादव की समधन को पद से हटाया, शासन को भेजी संस्तुति

Google Image | जोनल अधिकारी अंबी बिष्ट के निलंबन की सिफारिश शासन तक पहुंची

लखनऊ नगर निगम आयुक्त ने जोन छह की जोनल अधिकारी अम्बी बिष्ट को काम में लापरवाही और अनुशासनहीनता को लेकर देर शाम निलंबित करने की संस्तुति शासन को भेज दी है। जोन छह में उनकी जगह नये जोनल अधिकारी की तैनाती भी कर दी गई है। बताया जा रहा है कि अम्बी बिष्ट पूर्व रक्षामंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की समधन हैं।

सरकार में ऊंचे पदों पर बैठे कुछ नेताओं ने इस हाईप्रोफाइल मामले को लेकर नगर आयुक्त से बात कर अम्बी बिष्ट की पैरवी की। मगर नगर आयुक्त ने एक न सुनी। वहीं इस मामले को लेकर अम्बी ने नगर आयुक्त पर ही महिला अधिकारी से अभद्रता और बेवजह कार्रवाई करने का आरोप लगाया है। ऐसे में यह विवाद अब आगे और गहरा हो सकता है। उन्होंने कहा कि उनको एलडीए से लेकर नगर निगम तक केवल इसलिए निशाना बनाया जा रहा है, क्योंकि प्रदेश के एक बड़े राजनैतिक परिवार में उनकी रिश्तेदारी है।

गृहकर की वसूली, सफाई समेत अन्य कार्यों को लेकर नगर निगम मुख्यालय में शाम को बैठक हुई, जिसमें नगर आयुक्त ने नगर निगम द्वारा नगर में कामकाज को लेकर अम्बी बिष्ट से भी पूछताछ की। नगर आयुक्त ने उनके कार्यों पर नाखुशी जताई और मीटिंग से जाने को बोल दिया। जिससे बैठक में विवाद बढ़ गया। नगर आयुक्त ने अम्बी बिष्ट की जगह पर नये उप नगर आयुक्त प्रज्ञा सिंह की तैनाती भी कर दी।

जोनल अधिकारी अम्बी बिष्ट ने कहा है कि काम में लापरवाही और अनुशानहीता का आरोप नगर आयुक्त लगा रहे हैं। पहले वो यह बतायें कि काम में कौन सी लापरवाही की है। सुबह से लेकर शाम तक काम करते हैं। पुराने लखनऊ और गोमती नगर की बराबरी नहीं की जा सकती। नगर आयुक्त पुरानी खुन्नस निकाल रहे हैं। इसलिए उन्होंने ऐसा किया कि भरी बैठक में एक महिला अधिकारी से अभद्रता की और नगर आयुक्त का यह कहना कि मैडम आप मीटिंग से जाइये, यह अपमानजनक है। मुझे निलंबित करने का अधिकार उन्हें नहीं है। वह केवल अपनी रिपोर्ट शासन को भेज सकते हैं। 

दो वर्ष पहले नगर निगम की कार्यकारिणी बैठक में जोनल अधिकारी अम्बी बिष्ट को बीजेपी के एक पार्षद ने महारानी कह दिया। उसको लेकर खूब विवाद हुआ था। और वह नाराज हो गई थीं। इसे मामले को लेकर धरना-प्रदर्शन तक कार्यकारिणी में हो गया था। बाद में महापौर व अन्य अधिकारियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।

कार्यों में लापरवाही और अनुशासनहीनता के मामले में जोन छह की जोनल अधिकारी अम्बी बिष्ट को निलंबित करने की संस्तुति शासन से की गई है। उनकी जगह नये जोनल अधिकारी की तैनाती भी कर दी गई है। यदि कोई कामकाज में लापरवाही करेगा और अनुशासनहीता भी करेगा तो उसे कैसे बर्दाश्त किया जायेगा। ऐसे में इसका प्रभाव अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों पर भी पड़ेगा।  
 - अजय द्विवेदी, नगर आयुक्त लखनऊ

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.