कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया गैस रिसाव से दो मजदूरों की मौत, चार की हालत नाजुक, लोगों को भी हुई परेशानी

Lucknow News: कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया गैस रिसाव से दो मजदूरों की मौत, चार की हालत नाजुक, लोगों को भी हुई परेशानी

कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया गैस रिसाव से दो मजदूरों की मौत, चार की हालत नाजुक, लोगों को भी हुई परेशानी

Google Image | गैस रिसाव की वजह से दो मजदूरों की मौत

राजधानी लखनऊ के देहात क्षेत्र के इटौंजा में आलू भंडारण के दौरान हुए हादसे में वहां काम कर रहे दो मजदूरों की मृत्यु हो गई। चार मजदूरों की हालत नाजुक है, जिनका इलाज चल रहा है। हादसे की वजह अमोनिया गैस का रिसाव बताया जा रहा है। इसकी वजह से चैंबर फट गया और मजदूरों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त एक्शन लेने का आदेश दिया है।

बक्शी का तालाब इलाके के पुलिस उपाधीक्षक डॉ. हिरदेश कठेरिया ने हादसे के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया शनिवार रात करीब 9:00 बजे देहात क्षेत्र के इटौंजा में मॉल रोड पर गोराही गांव में स्थित बिंदेश्वरी में कुछ मजदूर आलू भंडारण के काम में लगे थे। उसी दौरान अमोनिया गैस का रिसाव हुआ और चैंबर फट गया। हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई। चार मजदूरों की हालत गंभीर है। इसमें सीतापुर के तीन मजूदर और बाराबंकी का एक मजदूर शामिल है। इलाजरत मजदूरों के नाम मिश्रीलाल, धर्मेंद्र कुमार, परमानंद और विनोद कुमार है। 

पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि घायलों को अस्पताल भेजा गया। जहां इलाज के दौरान सीतापुर निवासी 35 वर्षीय मिश्रीलाल और 30 वर्षीय धर्मेंद्र की मौत हो गई। गंभीर रुप से बीमार परमानंद और विनोद कुमार को केजीएमयू रेफर करा दिया गया है। उनकी हालत नाजुक है। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद कोल्ड स्टोर के आसपास के इलाके में गैस रिसाव के चलते लोगों को भी परेशानी हुई। इस मामले में शीतगृह के संचालक के खिलाफ रिपोर्ट कर मामला दर्ज करा दिया गया है। हादसे की जांच की जा रही है। कोल्ड स्टोर में करीब 60 हजार बोरे आलू भरा है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.