बेमौसम बारिश ने धान किसानों को पहुंचाया बड़ा नुकसान, सरकार करे मदद

धीरेन्द्र सिंह ने सीएम को लिखा खत : बेमौसम बारिश ने धान किसानों को पहुंचाया बड़ा नुकसान, सरकार करे मदद

बेमौसम बारिश ने धान किसानों को पहुंचाया बड़ा नुकसान, सरकार करे मदद

Tricity Today | विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह

Lucknow : जेवर से भारतीय जनता पार्टी के विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) को एक पत्र लिखा है। विधायक ने कहा है कि पिछले 2 दिनों से बेमौसम बरसात हो रही है। मूसलाधार बारिश ने किसानों को बर्बाद कर दिया है। खासतौर से धान की फसलें पूरी तरह तबाह हो गई हैं। पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में इस बेमौसम बारिश ने किसानों को बड़ा आर्थिक नुकसान पहुंचाया है। लिहाजा, सरकार को किसानों की मदद करनी पड़ेगी। मुख्यमंत्री कार्यालय को भेजे पत्र में विधायक ने कहा है कि शुक्रवार को सदन में एक सदस्य ने नियम-56 के तहत यह मुद्दा उठाया था। इससे गौतमबुद्ध नगर के धान उत्पादक किसान भी बुरी तरह प्रभावित हुए हैं।

विधानसभा सत्र में हिस्सा ले रहे हैं धीरेंद्र सिंह
जेवर के विधायक धीरेंद्र सिंह इस वक्त लखनऊ में हैं। वह विधानसभा सत्र में भाग ले रहे हैं। शुक्रवार को विधानसभा सत्र का अंतिम दिन था। इस दौरान कई सदस्यों ने बेमौसम बरसात के बारे में सदन को जानकारी दी। किसानों को बारिश से हुए नुकसान की भरपाई करने के लिए सरकार से मांग की गई है। इसी कड़ी में धीरेंद्र सिंह ने भी यह प्रकरण उठाया है। धीरेंद्र सिंह ने कहा, "मैंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है। उन्हें बताया कि पिछले 2 दिनों से गौतमबुद्ध नगर में मूसलाधार बारिश हो रही है। जिसकी वजह से धान की फसल बर्बाद हो गई है। मेरे इलाके के कई किसानों ने फोन करके यह जानकारी दी है। किसानों ने मदद की मांग की है। खासतौर से धान उत्पादक किसानों को बड़ा नुकसान पहुंचा है। धान की फसल काटकर ही किसान गेहूं की फसल बोएंगे। तेज आंधी के साथ बारिश ने धान की फसल को बुरी तरह उजाड़ दिया है।"

जिला प्रशासन सर्वे करके मुआवजा दे
धीरेंद्र सिंह ने कहा, "यह दैविक आपदा है। सरकार जिला प्रशासन को सर्वे करने का आदेश दे। जिला प्रशासन सर्वे करे और किसानों को हुए नुकसान का आकलन किया जाए। मैंने मुख्यमंत्री से किसानों को मुआवजा देने की मांग की है। इस बारिश से धान उत्पादक किसानों को बड़ा आर्थिक झटका लगा है। किसान लगभग बर्बादी के कगार पर पहुंच गए हैं। ऐसे में जरूरी है कि सरकार आगे बढ़कर इनकी मदद करे। मुझे पूरा भरोसा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ किसानों की मदद करेंगे।"

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.