टेंडर पाम अस्पताल में युवती की हत्या का मामला, पीएम रिपोर्ट में हुआ चौकाने वाला खुलासा

Lucknow Breaking : टेंडर पाम अस्पताल में युवती की हत्या का मामला, पीएम रिपोर्ट में हुआ चौकाने वाला खुलासा

टेंडर पाम अस्पताल में युवती की हत्या का मामला, पीएम रिपोर्ट में हुआ चौकाने वाला खुलासा

Tricity Today | मृतक युवती

लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के आइमामऊ स्थित टेंडर पाम अस्पताल में शुक्रवार को महिला कर्मी की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई थी। इसके बाद से ही अस्पताल प्रशासन की भूमिका पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक युवती के शरीर पर छह जगह से ज्यादा चोट के निशान सामने आए हैं। पुलिस ने अस्पताल में काम करने वाले संदीप नाम के कर्मी पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। वहीं परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर घोर लापरवाही का आरोप लगाया है। बता दें कि टेंडर पाम हॉस्पिटल प्रसपा प्रमुख शिवपाल सिंह यादव का है।

मृतक युवती के शरीर में चोट के कई निशान
जानकारी के मुताबिक डाक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम किया, जिसमें युवती के सिर, पीठ, सीने और हाथ में छह से अधिक चोटों की पुष्टि हुई है। दुष्कर्म की भी आशंका है। पुलिस ने युवती के भाई की तहरीर पर अस्पताल कर्मी संदीप के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस की एफआईआर में परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर भी घोर लापरवाही का आरोप लगाया है। आशंका जताई जा रही है कि युवती को अस्पताल में पहले पीटा गया। इसके बाद उसे धक्का देकर ऊंचाई से फेंक दिया गया था वहीं, दुष्कर्म की आशंका पर पोस्टमार्टम में स्लाइड भी बनाई गई है।

मुख्यमंत्री से लगाएंगे न्याय की गुहार
मृतक युवती के भाई ने कहा कि हम चाहते है कि पूरे मामले को पुलिस दोबारा से जांच करे। ताकि सही आरोपी को सज़ा मिल सके। साथ ही अपनी बहन की मौत का जिम्मेदार अस्पताल प्रशासन को भी ठहराया है। भाई ने टेंडर पाम अस्पताल प्रशासन पर घोर लापरवाही का आरोप लगाया है। भाई ने कहा कि हम न्याय के लिए मुख्यमंत्री के पास भी जाएंगे। वहीं परिजनों का कहना है कि पुलिस उनको पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बारे में कोई जानकारी नहीं दे रही है। 

परिजनो के आरोप के हिसाब से नहीं होगी जांच
इंस्पेक्टर सुशांत गोल्फ सिटी विजेंदर सिंह ने बताया की पोस्टमार्टम में सर और पीठ में चोट होने की बात सामने आई है। परिजनों के आरोप के बारे में सवाल करने पर कहा कि परिजन कुछ भी आरोप लगा देंगे तो मान लिया जाएगा क्या। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है आगे की जांच की जा रही है। अभी तक की गई जांच में ऐसा कुछ सामने नहीं आया है। वहीं बड़े अधिकारी इस मामले पर चुप्पी साधे हुए है। 

अस्पताल प्रशासन पर उठ रहे ये सवाल
अस्पताल प्रशासन के मुताबिक गुरुवार को युवती रात 8 बजे आती है। इसके बाद बेसमेंट स्थित चेंजिंग रूम के पास ड्रेस चेंज करने जाती है। जहां पर कोई सीसीटीवी नहीं मौजूद है। वहीं पर ही वो गंभीर अवस्था में मिलती है। लेकिन जांच के मुताबिक लड़की के साथ परिसर के पहले माले पर मारपीट होती है इसके बाद युवती को वहां से धक्का दे दिया जाता है और वो नीचे ग्राउंड फ्लोर पर गिरती है। अगर ऐसा था तो अस्पताल प्रशासन क्यों नहीं दे रहा सही जानकारी। और लड़की के साथ हुई मारपीट का सीसीटीवी क्यों नहीं सामने आ रहा है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.