लगातार छठें दिन तीन लाख से कम मामले मिले, पिछले 24 घंटे में 4,194 मरीजों की गई जान, पढ़ें हिंदुस्तान का हाल

देश में कोरोना : लगातार छठें दिन तीन लाख से कम मामले मिले, पिछले 24 घंटे में 4,194 मरीजों की गई जान, पढ़ें हिंदुस्तान का हाल

लगातार छठें दिन तीन लाख से कम मामले मिले, पिछले 24 घंटे में 4,194 मरीजों की गई जान, पढ़ें हिंदुस्तान का हाल

Google Image | लगातार छठें दिन तीन लाख से कम मामले मिले

कोरोना वायरस संक्रमण की दूसरी लहर से तबाह देश में अब हालात कुछ सुधरने लगे हैं। आज लगातार 6वें दिन देश में कोरोना के 3 लाख से कम नए मामलों की पुष्टि हुई है। साथ ही कोविड के केस में रिकवरी रेट में सुधार हुआ है। जबकि पिछले 2 हफ्ते में पॉजिटिविटी रेट में लगातार कमी आई है। आंकड़ों के आधार पर कहा जा सकता है कि दूसरी लहर के पीक से देश गुजर चुका है। अब धीरे-धीरे दूसरी लहर का प्रभाव ढलान पर है। हालांकि देश के कई राज्यों में अब भी हालात बदतर हैं। लेकिन सामूहिक प्रयास से कोरोना वायरस को कंट्रोल करने के फार्मूले को साकार किया जा रहा है। इस बीच एक बड़ी चुनौती ब्लैक और व्हाइट फंगस के रूप में सामने आई है। लेकिन केंद्र सरकार इससे भी निपटने के लिए प्रयासरत है। 5 अन्य मेडिसिन निर्माता कंपनियों को ब्लैक फंगस की दवाई एमफोटेरेसिन-बी बनाने का लाइसेंस दिया जा रहा है।

6वें दिन 3 लाख से कम मरीज मिले
पिछले 24 घंटों में देश में कोरोना वायरस के 2,57,000 नए मामले दर्ज़ किए गए हैं। जबकि 3,57,630 मरीज कोविड वायरस को मात देकर ठीक हुए हैं। इन सभी को अस्पतालों से डिस्चार्ज कर दिया गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में कोरोना से 4,194 मरीजों की जान गई है। इसके साथ ही कुल मृतकों की संख्या 2,95,525 हो गई है। देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या कम होकर 29,23,400 रह गई है। यह संक्रमण के कुल मामलों का 11.12 प्रतिशत है। राष्ट्रीय स्तर पर कोविड-19 से स्वस्थ होने वाले मरीजों की दर 87.76 प्रतिशत है। 

4 महीने में नए मरीजों की संख्या 1 करोड़ बढ़ी
आंकड़ों के मुताबिक, इस संक्रामक रोग से उबरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 2,30,70,365 हो गई है। जबकि मृत्यु दर 1.12 प्रतिशत है। देश में पिछले साल 7 अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितम्बर को 40 लाख से अधिक थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितम्बर को 50 लाख, 28 सितम्बर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवम्बर को 90 लाख के आंकड़े को पार गए थे। जबकि 19 दिसम्बर को कोरोना के मामले एक करोड़ के पार पहुंच गए थे। लेकिन इनको दो करोड़ होने में सिर्फ 4 महीने का वक्त लगा। 4 मई को देश में 2 करोड़ से ज्यादा हो गई थी।

18 राज्यों में पॉजिटिविटी 15% से अधिक है
केंद्र सरकार के मुताबिक 78% नए मामले 10 राज्यों से दर्ज़ किए जा रहे हैं। सिर्फ 7 राज्यों में प्रतिदिन 10 हज़ार से ज्यादा मामले दर्ज़ किए जा रहे हैं। पिछले 20 दिनों से देश में सक्रिय मामलों में कमी देखी जा रही है। 3 मई को देश में 17.13% सक्रिय मामले थे। अब यह घटकर 11.12% हो गया है। रिकवरी रेट भी 87.76% हो चुकी है। देश में अब तक 2 करोड़ 30 लाख से ज्यादा लोग रिकवर हो चुके हैं। 18 राज्य ऐसे हैं जहां पॉजिटिविटी 15% से अधिक है। लगभग सभी राज्यों में पॉजिटिविटी रेट में लगातार कमी दर्ज़ की जा रही है। 5%-15% पजिटिविटी वाले 14 राज्य हैं। 4 राज्यों में 5% से कम पॉजिटिविटी रेट है। 50,000-1,00,000 के बीच सक्रिय मामले वाले राज्य 8 हो गए हैं। 50,000 से कम सक्रिय मामले वाले 20 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश हैं। जहां 13-19 फरवरी सप्ताह में देश में 6.96 टेस्ट प्रतिदिन हो रहे थे, अब 19.46 टेस्ट प्रतिदिन हो रहे हैं। 

पिछले 24 घंटे में देश में 20,66,285 टेस्ट किए गए
पॉजिटिविटी रेट में पिछले 2 सप्ताह से लगातार सुधार हो रहा है। पिछले 24 घंटे में देश में 20,66,285 टेस्ट किए गए। अब तक देश में 18.41 करोड़ वैक्सीन डोज़ 45 वर्ष से ज्यादा आयु वर्ग, हेल्थकेयर और फ्रंटलाइन वर्कर्स के लिए केंद्र सरकार द्वारा उपलब्ध कराई गई हैं। 18-44 आयु वर्ग के लिए 92 लाख के लगभग डोज़ अब तक उपलब्ध कराई गई हैं। ब्लैक फंगस के लिए एमफोटेरेसिन-बी जिसकी देश में सीमित उपलब्धता थी, उसे बढ़ाया जा रहा है। 5 अतिरिक्त मैन्युफैक्चर्स का लाइसेंस दिलाने का कार्य किया जा रहा है। अभी जो मैन्युफैक्चर्स हैं, वो भी उत्पादन बढ़ा रहे हैं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.