भाजपा ने पांच महिला उम्मीदवार मैदान में उतारीं, निर्मला सीतारमण, दर्शना सिंह और कविता पाटीदार बड़े नाम

Rajya Sabha Election 2022 : भाजपा ने पांच महिला उम्मीदवार मैदान में उतारीं, निर्मला सीतारमण, दर्शना सिंह और कविता पाटीदार बड़े नाम

भाजपा ने पांच महिला उम्मीदवार मैदान में उतारीं, निर्मला सीतारमण, दर्शना सिंह और कविता पाटीदार बड़े नाम

Tricity Today | निर्मला सीतारमण, दर्शना सिंह और कविता पाटीदार

New Delhi : भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा उम्मीदवारों की सूची में 5 महिलाओं के नाम शामिल हैं। इनमें मोदी मंत्रिमंडल के वरिष्ठ सदस्य वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दर्शन सिंह जैसी दिग्गज नेत्री शामिल हैं। इनके अलावा कुछ नए चेहरे पहली बार भारतीय जनता पार्टी का प्रतिनिधित्व राष्ट्रीय राजनीति में करते नजर आएंगे। जैसे उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से पूर्व विधायक संगीता यादव राज्यसभा जाएंगी तो दूसरी ओर मध्य प्रदेश से कविता पाटीदार को पार्टी ने राज्यसभा भेजने का फैसला लिया है। उत्तराखंड की एक सीट से भाजपा ने महिला उम्मीदवार को मैदान में उतारने का फैसला लिया है।

उत्तर, दक्षिण और मध्य भारत से राज्यसभा जाएंगी महिलाएं
भारतीय जनता पार्टी ने जिन 5 महिलाओं को राज्यसभा भेजने का फैसला लिया है, उनमें उत्तर प्रदेश से दो, उत्तराखंड, कर्नाटक और मध्य प्रदेश से एक-एक उम्मीदवार शामिल हैं। उत्तर प्रदेश से भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दर्शना सिंह को टिकट दिया गया है। गोरखपुर की चोरा चोरी विधानसभा सीट से पूर्व विधायक संगीता यादव भी राज्यसभा जाएंगी। इसके अलावा उत्तर भारत के दूसरे प्रमुख राज्य उत्तराखंड से डॉ.कल्पना सैनी को राज्यसभा का टिकट दिया गया है। कल्पना सैनी उत्तराखंड पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष हैं। उन्हें राज्यसभा बैठकर भारतीय जनता पार्टी ने उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती जिलों में सैनी बिरादरी को साधने का प्रयास किया है। दरअसल, सैनी समाज भारतीय जनता पार्टी का परंपरागत वोट बैंक है।

निर्मला सीतारमण कर्नाटक से फिर राज्यसभा पहुंचेंगी
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को कर्नाटक से राज्यसभा का टिकट दिया गया है। निर्मला सीतारमण मूल रूप से तमिलनाडु की रहने वाली हैं। उन्हें भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर दक्षिण भारत से लाकर तमिलनाडु और कर्नाटक में अपना जनाधार बढ़ाने का प्रयास कर रही है। चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को तमिलनाडु में हार का सामना करना पड़ा है। दूसरी तरफ कर्नाटक में भी पार्टी को नेतृत्व परिवर्तन करना पड़ा है। दूसरी ओर दक्षिण में भाजपा के सबसे मजबूत नेता अनन्त कुमार का निधन हो चुका है। ऐसे में पार्टी निर्मला सीतारमण को दक्षिण भारत में बड़े नेता के तौर पर आगे बढ़ा रही है।

मध्य प्रदेश के कविता पाटीदार को मौका दिया
भाजपा ने मध्य प्रदेश से एक राज्यसभा टिकट की घोषणा की है। हालांकि, पार्टी यहां आसानी से 2 सीटों पर जीत हासिल करेगी। अभी एक और सीट के लिए उम्मीदवार की घोषणा होनी बाकी है। रविवार को कविता पाटीदार का नाम राज्यसभा के लिए घोषित किया गया है। कविता पाटीदार मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री रह चुके स्वर्गीय भेरूलाल पाटीदार की बेटी हैं। भेरूलाल पाटीदार सुंदरलाल पटवा सरकार में मंत्री थे। कविता पाटीदार पार्टी की प्रदेश महामंत्री रह चुकी हैं। उन्हें अन्य पिछड़ा वर्ग से ताल्लुक रखने का फायदा मिला है। इसके अलावा कविता पाटीदार ने पंचायत की राजनीति की है। इंदौर की जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुकी हैं। मिली जानकारी के मुताबिक भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय की कट्टर समर्थक मानी जाती हैं।

भाजपा ने इन नेताओं को दिया टिकट
आपको बता दें कि राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी ने रविवार की देर शाम 16 उम्मीदवारों की घोषणा की है। देश के 8 राज्यों मध्य प्रदेश, कर्नाटक, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार और हरियाणा के लिए इन उम्मीदवारों की घोषणा की गई है। सबसे ज्यादा 6 उम्मीदवार उत्तर प्रदेश के लिए घोषित किए गए हैं। बिहार, महाराष्ट्र, कर्नाटक के लिए दो-दो उम्मीदवार घोषित किए गए हैं। मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड और हरियाणा के लिए एक-एक उम्मीदवार की घोषणा की गई है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री और केंद्रीय कार्यालय के प्रभारी अरुण सिंह ने यह जानकारी दी है।

मध्यप्रदेश
1. 
कविता पाटीदार

कर्नाटक
1. निर्मला सीतारमण 
2. जग्गेश

महाराष्ट्र 
1. 
पीयूष गोयल 
2. डॉ.अनिल सुखदेवराव बोंडे 

राजस्थान
1.
घनश्याम तिवारी 

उत्तर प्रदेश 
1.
डॉक्टर लक्ष्मीकांत वाजपेई
2. डॉक्टर राधा मोहन अग्रवाल
3. सुरेंद्र सिंह नागर 
4. बाबूराम निषाद 
5. दर्शना सिंह 
6. संगीता यादव 

उत्तराखंड 
1.
डॉ.कल्पना सैनी

बिहार 
1.
सतीश चंद्र दुबे 
2. शंभू शरण पटेल 

हरियाणा 
1. कृष्ण लाल पंवार

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.