Coronavirus: नोएडा में 1070 लोगों पर नजर, जांच के लिए 100 टीम बनीं, प्रशासन ने बड़े कदम उठाए

Coronavirus: नोएडा में 1070 लोगों पर नजर, जांच के लिए 100 टीम बनीं, प्रशासन ने बड़े कदम उठाए

Coronavirus: नोएडा में 1070 लोगों पर नजर, जांच के लिए 100 टीम बनीं, प्रशासन ने बड़े कदम उठाए

Tricity Today | Demo Picture

नोएडा में कोरोना वायरस से प्रभावित लोगों की संख्या बढ़ती जा रही है। अब तक केवल 4 लोगों को संक्रमित घोषित किया गया है लेकिन निगरानी में रखे गए लोगों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। अब 1070 लोगों पर स्वास्थ्य विभाग निगरानी रखे हुए है। इन सभी को इनके घरों में 14 दिनों के लिए आइसोलेट किया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने लगातार नजर रखने, बचाव और उपचार करने के लिए 100 टीमें बनाई हैं।

कोरोना संदिग्धों की प्राथमिक जांच के लिए जिले में 100 टीमें काम करेंगी। इनके पास इंफ्रारेड थर्मामीटर भी होंगे। जिससे बुखार की जांच कर सकते हैं। लक्षणों के आधार पर उनके नमूने जांच के  लिए भेजे जाएंगे। पूरे जिले में यह अभियान चलेगा। इसमें आशा, आंगनबाड़ी केंद्र सहित स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टर और कर्मचारी शामिल रहेंगे। आशा और आंगनबाड़ी केंद्र से जुड़ी महिलाओं का काम कोरोना से बचाव को लेकर जागरुक करना होगा।

गौतमबुद्ध नगर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया, इसके लिए डॉक्टरों की भी मदद ली जाएगी। वहीं सोसाइटी के अंदर किसी में कोरोना के लक्षण मिलने पर जानकारी स्वास्थ्य विभाग को देंगी। डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की टीम ऐसे लोगों के बुखार और अन्य लक्षणों की जांच करके इलाज के लिए भेजेंगी। जरुरत पड़ने पर नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे।

गौतमबुद्ध के जिलाधिकारी बीएन सिंह ने बताया कि कोरोना वायरस से बचाव और उपचार के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। नोएडा में क्वॉरेंटाइन वार्ड बना दिया गया है, जिसमें 400 बैड हैं। यहां विदेश से आने वाले लोगों को 14 दिन के लिए रखा जाएगा और उनकी निगरानी की जाएगी। नोएडा के चाइल्ड सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल और ग्रेटर नोएडा के राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान में उपचार का इंतजाम किया गया है। पूरे जिले में किसी भी तरह के हालात से निपटने के लिए व्यापक इंतजाम कर लिए गए हैं। जिसमें स्वास्थ्य विभाग के साथ तमाम सरकारी विभाग सहयोग कर रहे हैं। हालात सामान्य होने तक सभी सरकारी कर्मचारी और अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.