खुश खबरी: ग्रेटर नोएडा जिम्स से कोरोना के 18 मरीज डिस्चार्ज, 4 नवजात बच्चे भी शामिल

खुश खबरी: ग्रेटर नोएडा जिम्स से कोरोना के 18 मरीज डिस्चार्ज, 4 नवजात बच्चे भी शामिल

खुश खबरी: ग्रेटर नोएडा जिम्स से कोरोना के 18 मरीज डिस्चार्ज, 4 नवजात बच्चे भी शामिल

Tricity Today | ग्रेटर नोएडा जिम्स से कोरोना के 18 मरीज डिस्चार्ज, 4 नवजात बच्चे भी शामिल

ग्रेटर नोएडा के राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान से गुरुवार को कोरोनावायरस से संक्रमित 18 मरीज डिस्चार्ज किए गए हैं। यह सभी स्वस्थ होने के बाद गुरुवार की दोपहर घर भेज दिए गए हैं। बड़ी बात यह है कि इनमें 4 नवजात बच्चे और उनकी मां भी शामिल हैं। पिछले 1 सप्ताह के दौरान इन चारों बच्चों का जन्म राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान में ही हुआ है। बच्चे और मां स्वस्थ हैं। संस्थान के डॉक्टरों को नर्सिंग स्टाफ ने इन सभी लोगों को विदाई दी। घर जा रहे स्वस्थ लोगों के चेहरों पर रौनक थी।

राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान के निदेशक डॉ आरके गुप्ता ने बताया कि अभी तक यहां 79 संक्रमित मरीजों को भर्ती किया गया है। इनमें से 52 लोगों को स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है। गुरुवार को एक साथ 18 मरीज स्वस्थ होकर अपने घर लौटे हैं। इनमें चार नवजात शिशु भी शामिल हैं। इन सभी बच्चों ने राजकीय विज्ञान संस्थान में ही जन्म लिया था। हालांकि, चारों बच्चों में से कोई भी कोरोना पॉजिटिव नहीं था। बच्चों की मां कोरोनावायरस से संक्रमित थीं। इन सभी का पिछले 2 सप्ताह के दौरान यहां उपचार किया गया है। अब बच्चे और मां दोनों स्वस्थ हैं। 

दो गर्भवती महिलाओं ने ऑपरेशन के माध्यम से बच्चों को जन्म दिया था। जबकि, दो महिलाओं का प्रसव सामान्य रूप से हुआ था। राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान के निदेशक डॉ आरके गुप्ता ने कहा कि इन सभी मरीजों को डिस्चार्ज सर्टिफिकेट दे दिए गए हैं। इन्हें अगले 14 दिनों के लिए आवश्यक रूप से अपने घरों में क्वॉरेंटाइन रहना होगा। इन सभी लोगों को अस्पताल से पूरी खुशी के साथ विदाई दी गई। डॉक्टर और नर्सों की टीम के प्रयासों और सफलता को हम बधाई देते हैं।

आपको बता दें कि गौतमबुद्ध नगर में कोरोना से संक्रमित पहला मरीज 8 मार्च को मिला था। तब से राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान लगातार संक्रमित मरीजों का उपचार कर रहा है। अब तक नोएडा और ग्रेटर नोएडा में 236 संक्रमित लोग सामने आ चुके हैं। इनमें से 79 लोग राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती करवाए गए हैं। इस तरह अंदाजा लगाया जा सकता है कि गौतम बुद्ध नगर में कोरोनावायरस की रोकथाम में राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.