चीनी मोबाइल कम्पनी ओप्पो के 5 और कर्मचारी कोरोना वायरस से संक्रमित मिले, 2 गौतमबुद्ध नगर के निवासी

चीनी मोबाइल कम्पनी ओप्पो के 5 और कर्मचारी कोरोना वायरस से संक्रमित मिले, 2 गौतमबुद्ध नगर के निवासी

चीनी मोबाइल कम्पनी ओप्पो के 5 और कर्मचारी कोरोना वायरस से संक्रमित मिले, 2 गौतमबुद्ध नगर के निवासी

Tricity Today | प्रतीकात्मक फोटो

चीनी मोबाइल निर्माता कंपनी ओप्पो के पांच और कर्मचारी कोरोनावायरस से संक्रमित पाए गए हैं। इन लोगों की रिपोर्ट गुरुवार को सामने आई है। इससे पहले भी कंपनी के 9 कर्मचारी कोरोनावायरस से संक्रमित पाए गए थे। जिसके बाद कंपनी ने करीब साढे तीन हजार कर्मचारियों की जांच करवाई थी। कर्मचारियों के कोरोनावायरस से पॉजिटिव होने की जानकारी मिलने के बाद उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कर दिया गया है। उनके संपर्क में आने वाले लोगों को क्वॉरेंटाइन किया गया है।

गौतमबुद्ध नगर के जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ सुनील कुमार दोहरे ने बताया कि गुरुवार को मोबाइल निर्माता कंपनी ओप्पो के 173 कर्मचारियों की टेस्ट रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग को मिली हैं। इनमें से 5 कर्मचारियों को पॉजिटिव घोषित किया गया है। बाकी सभी लोग नेगेटिव पाए गए हैं। सर्विलांस अधिकारी ने बताया कि पांच संक्रमित कर्मचारियों में से दो लोग गौतमबुद्ध नगर के निवासी हैं। बाकी तीन लोग जिले में निवास नहीं कर रहे हैं। 

यह क्रॉस नोटिफाइड केस हैं। इनमें से 2 लोग बिहार के रहने वाले हैं और एक मथुरा में रहता है। लिहाजा, बिहार और मथुरा प्रशासन को इस बारे में जानकारी भेज दी गई है। आपको बता दें कि लोकडाउन-4 शुरू होने से पहले ही ओप्पो मोबाइल कंपनी को दोबारा निर्माण शुरू करने की अनुमति दे दी गई थी। कंपनी ने अपने कर्मचारियों की जांच करवाई तो 9 कर्मचारी कोरोनावायरस से पॉजिटिव पाए गए थे। 

जिसके बाद गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन और मोबाइल निर्माता कंपनी में हड़कंप मच गया था। उत्पादन तत्काल रोक दिया गया था। करीब साढे तीन हजार कर्मचारियों का कोरोनावायरस टेस्ट करवाया गया। इनमें से अब तक 14 कर्मचारी संक्रमित पाए जा चुके हैं। अभी कंपनी ने दोबारा उत्पादन शुरू नहीं किया है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.