coronavirus: नोएडा में 980 लोग अपने घरों में बंद, पूरी जानकारी

coronavirus: नोएडा में 980 लोग अपने घरों में बंद, पूरी जानकारी

coronavirus: नोएडा में 980 लोग अपने घरों में बंद, पूरी जानकारी

Tricity Today | Gautam Buddh Nagar Court

गौतमबुद्ध नगर (नोएडा और ग्रेटर नोएडा) में कोरोना वायरस के संदिग्ध और संक्रमित लोगों के सम्पर्क में आने वालों की संख्या 1,345 तक पहुंच गई है। इनमें से 980 लोग स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में हैं। इन सबको इनके घरों में 14 दिनों के लिए आइसोलेट कर दिया गया है। जबकि, 182 के स्वाब के नमूने लिए गए हैं। जिनकी रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है। 

गौतमबुद्ध नगर में अभी तक केवल 2 लोगों को कोरोना वायरस से संक्रमित घोषित किया गया है। लेकिन, इनका ताल्लुक सीधे तौर पर नोएडा से नहीं है। जो पहला व्यक्ति संक्रमित पाया गया था, वह दिल्ली का निवासी है। उसका नमूना दिल्ली में ही लिया गया था। उसका एक घर नोएडा में भी है। इस कारण उत्तर प्रदेश सरकार उस व्यक्ति को नोएडा के संक्रमितों में गिन रही है।

दूसरा संक्रमित नोएडा की एक लैदर कम्पनी का कर्मचारी है। वह भी दिल्ली का निवासी है। उसे दिल्ली के आरएमएल अस्पताल में भर्ती किया गया है। इस तरह सही मायने में अब तक नोएडा में कोई संक्रमित नहीं है। लेकिन संक्रमित और संदिग्ध लोगों के सम्पर्क में आने वालों की संख्या 1345 तक पहुंच गई है। यह स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन के लिए चिंता का कारण है।

गौतमबुद्ध नगर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुराग भार्गव में कहा, अभी तक सीधे तौर पर नोएडा और ग्रेटर नोएडा में कोई निवासी कोरोना वायरस से संक्रमित नहीं है। रविवार तक 1345 लोग बाहरी संक्रमितों और संदिग्धों के सम्पर्क में आने के कारण सर्विलांस पर आ चुके हैं। जिनमें से 980 लोगों को अगले 14 दिनों के लिए उनके घरों में आइसोलेट किया गया है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.