यमुना सिटी के प्रवेश द्वार में दिखेगी जेवर एयरपोर्ट की झलक

यमुना सिटी के प्रवेश द्वार में दिखेगी जेवर एयरपोर्ट की झलक

यमुना सिटी के प्रवेश द्वार में दिखेगी जेवर एयरपोर्ट की झलक

Tricity Today |

यमुना सिटी में पार्क, रोटरी और प्रवेश द्वार को विकसित करने की योजना शुरू हो गई है। यमुना सिटी में प्रवेश द्वार पर एयरपोर्ट की झलक दिखेगी। इंट्री गेट बनाने के साथ यहां पर करीब 5 एकड़ में ग्रीन एरिया विकसित किया जाएगा। सेक्टर-25 में रोटरी और फिल्म सिटी के सामने 10 एकड़ में एक थीम पार्क बनेगा। इसमें फिल्म सिटी की झलक दिखेगी। यमुना प्राधिकरण अगले दो महीने में टेंडर प्रक्रिया को पूरा करते हुए ये काम शुरू करा देगा।

यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में आवासीय व औद्योगिक आवंटियों को कब्जा दिया जा रहा है। औद्योगिक इकाइयों का निर्माण शुरू हो गया है। आवासीय आवंटियों ने रजिस्ट्री करा ली है। अब यहां पर निर्माण कार्य शुरू होगा और लोग रहना शुरू करेंगे। लोगों के आने से पहले यहां पर सभी सुविधाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। प्राधिकरण अब हरित क्षेत्र विकसित करने की तैयारी शुरू कर दी है। सबसे पहले यमुना प्राधिकरण अपने प्रवेश द्वार को दुरुस्त करेगा ताकि यहां आने वाले लोगों को बेहतर महसूस हो सके।

ताकि कह सकें कि यमुना सिटी में आपका स्वागत है
यमुना प्राधिकरण गलगोटिया विश्वविद्यालय से पहले प्रवेश द्वार बनाएगा। ताकि यहां आने वाले लोगों को बताया जा सके कि यीडा सिटी में आपका स्वागत है। अभी यहां पर थोड़ा काम हुआ है। लेकिन अब यहां पर हरित क्षेत्र विकसित किया जाएगा। यहां पर एक प्रवेश द्वार बनाया जाएगा। साथ ही करीब 5 एकड़ क्षेत्र में हरित क्षेत्र विकसित किया जाएगा। इसमें जेवर एयरपोर्ट की झलक दिखेगी। यहां पर हवाई जहाज बनाया जाएगा। हरित क्षेत्र में तरह-तरह के फूल पौधे लगाए जाएंगे। नियोजन विभाग ने इसकी योजना बना ली है। अब इसका एस्टीमेट तैयार किया जा रहा है।

सेक्टर-21 के सामने थीम पार्क बनेगा
प्राधिकरण के सेक्टर-21 में 1 हजार एकड़ में फिल्म सिटी प्रस्तावित की गई है। इस सेक्टर के बाहर करीब 10 एकड़ में एक थीम पार्क बनेगा। इस पार्क में फिल्म सिटी की झलक दिखेगी। इसके लिए नियोजन विभाग योजना बना रहा है। साथ ही परियोजना विभाग इसके एस्टीमेट को अंतिम रूप दे रहा है।

सेक्टर-25 की रोटरी 2 एकड़ में होगी विकसित
सेक्टर-25 में सलारपुर के पास एक रोटरी विकसित की जाएगी। यह रोटरी करीब दो एकड़ में है। इस रोटरी को हरित क्षेत्र में बदला जाएगा ताकि यहां पर आने वाले लोगों को इस शहर की खूबसूरती के बारे में पता चल सके। एस्टीमेट बनने के बाद सभी टेंडर निकाले जाएंगे।

सेक्टर-20 में बनेगा 20 एकड़ का पार्क
आवासीय सेक्टर-20 में एक बड़ा पार्क विकसित किया जाएगा। इसके लिए जमीन चिह्नित कर ली गई है। यह पार्क करीब 20 एकड़ में विकसित किया जाएगा। यह पार्क सेक्टर-20 के लोगों के लिए होगा। ताकि लोग यहां पर आकर अपना समय व्यतीत कर सकें। साथ ही सुबह-शाम टहल सकें। इसका भी एस्टीमेट बनाया जा रहा है।

इन कामों पर भी गौर करिये

  1. छह पुलिस थाने बनाने के लिए जगह चिह्नित, प्रस्ताव शासन को भेजा
  2. यीडा सिटी के क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के लिए पुलिस को छह नये वाहन दिए
  3. बिजलीघर का निर्माण शुरू, एक और बड़े बिजली घर के लिए जमीन दे दी
  4. डिग्री कॉलेज के लिए यमुना प्राधिकरण संबंधित विभाग को जमीन दे दी है
  5. ट्रामा सेंटर और 100 बेड अस्पताल के जमीन देने पर सहमति जता दी है।

यीडा सिटी में लोगों के बसने से पहले सभी जरूरी सुविधाएं दुरुस्त कर दी जाएंगी। पार्क, रोटरी आदि विकसित की जाएंगी। इसके लिए जमीन चिह्नित हो गई है। जल्द ही टेंडर निकाल दिए जाएंगे।
डॉ. अरुणवीर सिंह, सीईओ यमुना प्राधिकरण

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.