प्रधानमंत्री मोदी के बाद कौन है देश की जनता का चहेता नेता, एक सर्वे में हुआ चौंकाने वाला खुलासा, पढ़ें पूरी रिपोर्ट

कुछ हटके : प्रधानमंत्री मोदी के बाद कौन है देश की जनता का चहेता नेता, एक सर्वे में हुआ चौंकाने वाला खुलासा, पढ़ें पूरी रिपोर्ट

प्रधानमंत्री मोदी के बाद कौन है देश की जनता का चहेता नेता, एक सर्वे में हुआ चौंकाने वाला खुलासा, पढ़ें पूरी रिपोर्ट

Google Image | अमित शाह, योगी आदित्यनाथ और नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब भी देश के करोड़ों लोगों के चहेते और पसंदीदा बने हुए हैं। एक मीडिया हाउस के सर्वेक्षण में यह खुलासा हुआ है कि प्रधानमंत्री मोदी की साख वैसे ही बरकरार है। मोदी अब भी देश के सबसे लोकप्रिय नेता हैं। हालांकि इस सर्वे में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पीएम मोदी के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रधानमंत्री के तौर पर देश के लोगों की दूसरी पसंद हैं। जबकि, सर्वे के मुताबिक गृह मंत्री अमित शाह प्रधानमंत्री के रूप में तीसरे स्थान पर हैं। 

इस सर्वे में मुख्यमंत्री के कामों के बारे में भी लोगों की राय ली गई है। सर्वे के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ देश के सबसे भरोसेमंद मुख्यमंत्री के तौर पर उभरे हैं। दूसरे स्थान पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल मौजूद हैं। यह सर्वे रिपोर्ट 12,232 लोगों से बातचीत के बाद तैयार की गई है। सर्वे को 3 जनवरी से 13 जनवरी के बीच किया गया था। इसमें ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व किया गया। सर्वे में 67 फीसदी ग्रामीण आबादी और 33 फ़ीसदी शहरी आबादी को शामिल किया गया था। 

एक अन्य सर्वे के मुताबिक 25.6 फीसदी लोगों का मानना है कि सिर्फ राहुल गांधी ही भविष्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को टक्कर दे सकते हैं। हालांकि 21.9 प्रतिशत लोगों ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भी सक्षम माना है। इनका मानना है कि आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल भविष्य में प्रधानमंत्री मोदी को टक्कर दे सकते हैं। सिर्फ 7.9 फीसदी लोगों ने माना है कि ममता बनर्जी भविष्य में मोदी को टक्कर दे सकती हैं। 

कांग्रेस के लिए सिरदर्दी 
इस सर्वे के मुताबिक सबसे ज्यादा नुकसान कांग्रेस पार्टी को है। सात फीसदी लोग राहुल गांधी को देश के अगले प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं। चार प्रतिशत लोग सोनिया गांधी और ममता बनर्जी को प्रधानमंत्री बनाए जाने के पक्ष में हैं। जबकि प्रियंका गांधी वाड्रा को तीन फीसदी लोग प्रधानमंत्री के पद पर आसीन देखना चाहते हैं। 

भाजपा के दिग्गज नेता राजनाथ सिंह को भी तीन प्रतिशत लोगों ने प्रधानमंत्री पद के योग्य माना है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को पांच प्रतिशत लोग प्रधानमंत्री के पद पर देखना चाहते हैं। दो फ़ीसदी लोग मायावती, अखिलेश यादव, शरद पवार, उद्धव ठाकरे, नीतीश कुमार और नितिन गडकरी को प्रधानमंत्री पद पर देखना चाहते हैं।

अमित शाह का रुतबा बढ़ा
बेशक प्रधानमंत्री के लिए गृह मंत्री अमित शाह लोगों की तीसरी पसंद हैं, पर भाजपा में उनका कद बढ़ा है। सर्वे के दौरान 30 प्रतिशत लोगों ने गृह मंत्री अमित शाह को भाजपा में प्रधानमंत्री मोदी के बाद सबसे सशक्त और सामर्थ्यवान नेता माना है। हालांकि यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ इस श्रेणी में भी दूसरे स्थान पर हैं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.