कुख्यात सुंदर भाटी के भयाक्रांत भतीजे अनिल भाटी ने दिल्ली में किया सरेंडर

कुख्यात सुंदर भाटी के भयाक्रांत भतीजे अनिल भाटी ने दिल्ली में किया सरेंडर

कुख्यात सुंदर भाटी के भयाक्रांत भतीजे अनिल भाटी ने दिल्ली में किया सरेंडर

Tricity Today | गैंगस्टर सुंदर भाटी का भतीजा अनिल भाटी

जेल में बंद कुख्यात गैंगस्टर सुंदर भाटी के भतीजे अनिल भाटी ने मंगलवार को बेहद चालाकी के साथ दिल्ली में आत्मसमर्पण कर दिया है। मंगलवार की शाम गौतमबुद्ध नगर पुलिस को यह जानकारी मिली है। अनिल भाटी रंगदारी, फिरौती मांगने और शहर के उद्यमियों को जान से मारने की धमकी देने के मामलों में आजकल फरार चल रहा था। गौतमबुद्ध नगर पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी। पुलिस कमिश्नर आलोक कुमार सिंह ने उसकी गिरफ्तारी पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित किया था। गौतमबुद्ध नगर में लगातार हो रहे एनकाउंटर से भयाक्रांत होकर यह सरेंडर किया गया है। हालांकि, अनिल भाटी के आत्मसमर्पण से गौतमबुद्ध नगर पुलिस की मुहिम को धक्का लगा है।

शहर के एक ट्रांसपोर्टर और एक अन्य उद्यमी से रंगदारी मांगने के मामले में अनिल भाटी के खिलाफ दो मुकदमे दर्ज हैं। करीब 6 महीने पहले अनिल भाटी जमानत पर जेल से छूटा था। अनिल का चाचा सुंदर भाटी लंबे अरसे से जेल में बंद है। पुलिस का कहना है कि उसके गैंग की गतिविधियां और सारे कामकाज आजकल अनिल भाटी ही संभाल रहा है। दूसरी ओर अनिल भाटी का पिता सहदेव भाटी भी जमानत पर जेल से बाहर था। गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने ट्रांसपोर्टर और एक कारोबारी की शिकायतों पर दोनों पिता-पुत्र के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए थे। इनकी गिरफ्तारी के लिए 25-25 हजार रुपये के इनाम भी घोषित किए गए थे।

दूसरी ओर गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने सुंदर भाटी गैंग के तमाम सदस्यों के खिलाफ पिछले महीने व्यापक अभियान छेड़ा था। इनकी करोड़ों रुपये की संपत्तियां कुर्क कर ली गई हैं। इसी बीच सोमवार को ग्रेटर नोएडा पुलिस ने सहदेव भाटी को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की थी। लेकिन मंगलवार को गौतमबुद्ध नगर पुलिस को तब बड़ा झटका लगा, जब अनिल भाटी के दिल्ली में आत्मसमर्पण करने की जानकारी मिली। जानकारी के मुताबिक अनिल भाटी ने दिल्ली के साकेत नगर थाने में मंगलवार को आत्मसमर्पण किया है।

अनिल भाटी के खिलाफ ग्रेटर नोएडा के थानों में रंगदारी मांगने और अन्य कई आरोपों में मुकदमे दर्ज हैं। वह इन मामलों में चल रहा था। सोमवार को सूरजपुर पुलिस ने अनिल भाटी के पिता सहदेव को गिरफ्तार किया था। अब गौतमबुद्ध नगर पुलिस अनिल भाटी को दिल्ली से ट्रांजिट रिमांड पर लेकर आएगी। यहां दर्ज मामलों की छानबीन के लिए अनिल भाटी से पूछताछ करेगी। अनिल भाटी के दिल्ली में आत्मसमर्पण करने से गौतमबुद्ध नगर पुलिस को तगड़ा झटका लगा है। दरअसल, क्राइम ब्रांच, स्पेशल ऑपरेशनल ग्रुप और कई थानों की पुलिस करीब 2 महीनों से सरगर्मी के साथ अनिल भाटी की तलाश कर रही थी। तमाम कोशिशों के बावजूद गौतमबुद्ध नगर पुलिस उसका सुराग लगाने में नाकाम रही।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.