सुदीक्षा भाटी के परिवार से मिले अतुल प्रधान, सरकार के सामने 4 मांग रखीं, पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन

सुदीक्षा भाटी के परिवार से मिले अतुल प्रधान, सरकार के सामने 4 मांग रखीं, पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन

सुदीक्षा भाटी के परिवार से मिले अतुल प्रधान, सरकार के सामने 4 मांग रखीं, पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन

Tricity Today | सुदीक्षा भाटी के परिवार से मिले अतुल प्रधान

सुदीक्षा भाटी की मौत का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। मंगलवार को बसपा सुप्रीमो मायावती और कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के बयानों के बाद अब समाजवादी पार्टी भी इस मामले में सक्रिय हो गई है। बुधवार को समाजवादी पार्टी में छात्र राजनीति की पृष्ठभूमि से ताल्लुक रखने वाले नेता अतुल प्रधान ने सुदीक्षा भाटी के परिवार से मुलाकात की। अतुल प्रधान ने सरकार से 4 बड़ी मांग की हैं। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो मजबूर होकर आंदोलन करना पड़ेगा।

डेरी स्केनर गांव में सुदीक्षा भाटी के घर लोगों का तांता लगा हुआ है बुधवार को भी समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी परिजनों से मिले। अतुल प्रधान ने कहा, जब तक बिटिया को न्याय नहीं मिल जाता, वह पीड़ित परिवार के साथ हैं। गुनहगारों को गिरफ्तार करकर तत्काल जेल भेजा जाए। प्रदेश में इस तरह की घटनाएं आम बात हो गई हैं। सरकार कानून व्यवस्था के मोर्चे पर विफल हो चुकी है। पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रोजाना लूट, हत्या, डकैती, बलात्कार और सामूहिक दुराचार जैसी जघन्य वारदात हो रही हैं। सरकार केवल मामलों को घटाने और लीपापोती करने में जुटी है। आम आदमी को गुमराह करने के लिए पूरे राज्य में फर्जी एनकाउंटर किए जा रहे हैं।

सरकार के सामने यह 4 मांग रखी हैं

अतुल प्रधान ने कहा, हम सरकार से मांग करते हैं कि पीड़ित परिवार को एक करोड़ की आर्थिक सहायता दी जाए। इस परिवार की आर्थिक दशा ठीक नहीं है। सुदीक्षा ही परिवार की आशा थी। परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जानी चाहिए। परिवार में छोटे बच्चों के पालन पोषण के लिए फ्री शिक्षा की व्यवस्था की जाए। होनहार बिटिया सुदीक्षा भाटी की याद में एक शिक्षण संस्थान बनाया जाए।

अतुल प्रधान ने कहा कि सुदीक्षा ने अपनी उपलब्धियों के जरिए उत्तर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। ऐसे में सरकार की जिम्मेदारी बनती है कि वह उनके परिवार की सामाजिक सुरक्षा का ख्याल रखें। अगर उत्तर प्रदेश सरकार ने जल्दी से जल्दी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया और परिवार को आर्थिक रूप से सुरक्षित करने के लिए कदम नहीं उठाया तो मजबूर होकर समाजवादी पार्टी को इस मुद्दे पर आंदोलन करना पड़ेगा। अतुल प्रधान ने कहा कि इस प्रकरण को लेकर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव बेहद चिंतित और गंभीर हैं। उन्होंने समाजवादी पार्टी को सुदीक्षा के परिवार के लिए हर संभव प्रयास और मदद करने का आदेश दिया है।

समाजसेवी जतन प्रधान और आलोक नागर ने कहा कि 3.83 करोड़ रुपये की स्कॉलरशिप पाकर अमेरिका में पढ़ाई कर रही स्वर्गीय सुदिक्षा भाटी ने प्रदेश और देश का नाम रोशन किया। वह आने वाली पीढ़ी के लिए उदाहरण थी। पीड़ित परिवार की स्थिति बहुत खराब है। सरकार को जल्द मदद करनी चाहिए। इस मौके पर बिल्लू प्रधान, तेजपाल प्रमुख, आलोक नागर, नवीन भाटी, कृष्ण नागर, प्रवीण भाटी हैप्पी पंडित आदि लोग मौजूद रहे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.