भाजपा ने क्षेत्रीय अध्यक्षों की घोषणा की, पश्चिम की जिम्मेदारी मोहित बेनीवाल को मिली

भाजपा ने क्षेत्रीय अध्यक्षों की घोषणा की, पश्चिम की जिम्मेदारी मोहित बेनीवाल को मिली

भाजपा ने क्षेत्रीय अध्यक्षों की घोषणा की, पश्चिम की जिम्मेदारी मोहित बेनीवाल को मिली

Google Image | मोहित बेनीवाल

उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी ने सभी क्षेत्रीय अध्यक्ष की घोषणा कर दी है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने शुक्रवार की दोपहर बाद नए अध्यक्षों की नियुक्ति की है। पश्चिम क्षेत्र की जिम्मेदारी मोहित बेनीवाल को सौंपी गई है। मोहित बेनीवाल अभी पश्चिम क्षेत्र के महामंत्री थे। इससे पहले युवा मोर्चा में भी विभिन्न पदों पर रह चुके हैं। ब्रज क्षेत्र का अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी को बनाया गया है। जबकि कानपुर क्षेत्र की जिम्मेदारी मानवेंद्र सिंह को सौंपी गई है।

सभी छह क्षेत्रों में इन नेताओं को मिली जिम्मेदारी

उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बताया कि पश्चिम क्षेत्र का अध्यक्ष मोहित बेनीवाल को बनाया गया है। ब्रज क्षेत्र में यह जिम्मेदारी रजनीकांत माहेश्वरी को सौंपी गई है। मानवेंद्र सिंह को कानपुर क्षेत्र का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। शेष नारायण मिश्रा अवध क्षेत्र के अध्यक्ष बनाए गए हैं। काशी क्षेत्र का अध्यक्ष महेश श्रीवास्तव को नियुक्त किया गया है। गोरखपुर क्षेत्र की जिम्मेदारी डॉ धर्मेंद्र सिंह सैंथवार को सौंपी गई है। पिछले सप्ताह स्वतंत्र देव सिंह ने उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी की नई कार्यकारिणी घोषित की थी। जिसमें कई पुराने चेहरों को पदोन्नत किया गया था। जबकि युवा मोर्चा और दूसरे अनुषांगिक संगठनों से करीब 20 लोगों को नई जिम्मेदारियां प्रदेश कार्यकारिणी में दी गई है।

सामाजिक संतुलन साधने के लिए पूरा प्रयास

अगर नई नियुक्तियों की बात करें तो प्रदेश अध्यक्ष ने क्षेत्रीय अध्यक्षों की नियुक्ति में जातिगत समीकरणों का बखूबी ध्यान रखा है। पश्चिम क्षेत्र की जिम्मेदारी मोहित बेनीवाल को सौंपकर अन्य पिछड़ा वर्ग के बड़े धड़े जाट समुदाय को साधने का प्रयास किया गया है। ब्रज क्षेत्र में रजनीकांत माहेश्वरी के रूप में वैश्य समाज को प्रतिनिधित्व मिला है। कानपुर क्षेत्र में मानवेंद्र सिंह को यह जिम्मेदारी सौंपकर ठाकुर बिरादरी को संतुलित किया गया है। अवध क्षेत्र में ब्राह्मणों को प्रतिनिधित्व देने के लिए शेष नारायण मिश्रा को क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है। उच्च वर्ग में ब्राह्मण और वैश्यों के बाद भारतीय जनता पार्टी का परंपरागत वोट कायस्थ समाज में है। काशी जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र में कायस्थ समाज के महेश श्रीवास्तव को अध्यक्ष बनाया गया है। डॉ धर्मेंद्र सिंह सैंथवार को गोरखपुर की जिम्मेदारी देकर दलित समाज को प्रतिनिधित्व दिया गया है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.