आखिरकार भाजपा जिलाध्यक्ष की नींद टूटी, पार्टी के खिलाफ चुनाव लड़ाने वालों को नोटिस, कहा पार्टी कार्यकर्ता गलत हरकत न करें

आखिरकार भाजपा जिलाध्यक्ष की नींद टूटी, पार्टी के खिलाफ चुनाव लड़ाने वालों को नोटिस, कहा पार्टी कार्यकर्ता गलत हरकत न करें

आखिरकार भाजपा जिलाध्यक्ष की नींद टूटी, पार्टी के खिलाफ चुनाव लड़ाने वालों को नोटिस, कहा पार्टी कार्यकर्ता गलत हरकत न करें

Tricity Today | विजय भाटी

मेरठ-सहारनपुर स्नातक एमएलसी सीट के लिए चल रहे चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के कुछ कार्यकर्ता विपक्षी उम्मीदवारों को चुनाव लड़ाने में जुटे हैं। इस मामले को लेकर 2 दिन पहले ट्राइसिटी टुडे ने समाचार प्रकाशित किया था। अब आखिरकार गौतमबुद्ध नगर भाजपा के जिला अध्यक्ष विजय भाटी की नींद टूटी है। विजय भाटी ने सोशल मीडिया पर दिए बयान में लिखा है कि संदीप कुड़ीखेड़ा और पंकज शर्मा को नोटिस दिया गया है। बाकी कार्यकर्ता भी ध्यान रखें और गलत हरकतों में संलिप्त ना हों। दरअसल, यह दोनों लोग स्नातक एमएलसी का पार्टी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे उम्मीदवार जेपी गौड़ का समर्थन कर रहे हैं। कई महीनों से उनके प्रचार में जुटे हैं। दूसरी ओर दोनों लोग खुद को भाजपा नेता भी बताते हैं। हालांकि, विजय भाटी ने स्पष्ट किया है कि इन दोनों लोगों का पार्टी से कोई सरोकार नहीं है।

विजय भाटी ने अपने फेसबुक प्रोफाइल पर लिखा है, "आप सभी को सूचित किया जाता है कि संदीप कुड़ीखेड़ा और पंकज शर्मा कुड़ीखेड़ा को नोटिस दे दिया गया है। इनका पार्टी से कोई लेना देना नहीं है। कोई भी कार्यकर्ता किसी भी प्रकार की कोई हरकत ना करें तथा अपनी पार्टी के लिए कार्य करता रहे।" आपको बता दें कि भारतीय जनता पार्टी से मेरठ-सहारनपुर स्नातक सीट पर गाजियाबाद के दिनेश गोयल भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार हैं। दूसरी ओर इनके सामने निर्दलीय प्रत्याशी जेपी गौड़ चुनाव लड़ रहे हैं। जेपी गौड़ भी गाजियाबाद के कारोबारी हैं। मूल रूप से ग्रेटर नोएडा वेस्ट में कुड़ीखेड़ा गांव के रहने वाले हैं। इस नाते उनके परिवार और गांव से ताल्लुक रखने वाले भाजपा कार्यकर्ता उन्हें चुनाव लड़ा रहे हैं।

इस मामले को लेकर पूरी पार्टी में कई महीनों से विरोध चल रहा है। पार्टी के कई पदाधिकारियों ने जिलाध्यक्ष से शिकायत भी की थी। करीब एक सप्ताह पहले जिला अध्यक्ष ने पार्टी पदाधिकारियों को जानकारी दी थी कि ऐसे कार्यकर्ताओं को नोटिस दिया जा रहा है। जरूरत पड़ी तो अनुशासनहीनता के तहत निष्कासन भी किया जाएगा, लेकिन बाद में पूरा मामला रफा-दफा कर दिया गया। अब यह प्रकरण क्षेत्रीय कार्यालय और प्रदेश पदाधिकारियों तक पहुंच गया है। इस मुद्दे को लेकर 2 दिन पहले ट्राइसिटी टुडे ने समाचार भी प्रकाशित किया था। जिसमें लिखा गया था कि गौतमबुद्ध नगर भाजपा के कई लोग विपक्षी प्रत्याशियों को चुनाव लड़ा रहे हैं। इसी सिलसिले में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष विजय भाटी ने यह जानकारी दी है। साथ ही पार्टी के कार्यकर्ताओं को भी चेताया है।

इस मुद्दे पर विजय भाटी से बातचीत हुई। उन्होंने कहा, "ऐसे दो-तीन पार्टी कार्यकर्ता हैं जो कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार को चुनाव लड़वा रहे हैं। उन लोगों से पार्टी के कुछ दूसरे कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने ऐसा नहीं करने के लिए कहा था। उन लोगों ने अभद्रता की। यह शिकायत मिली है। इन लोगों को चेतावनी दी गई है। जरूरत पड़ी तो इनके खिलाफ निष्कासन की कार्रवाई भी की जाएगी। हालांकि, अभी किसी का निष्कासन नहीं किया गया है।"

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.