भाजपा जिलाध्यक्ष विजय भाटी बोले- पुलिस कमिश्नरेट हमारी सरकार की उपलब्धि है, इसे खत्म करने की मांग बेतुकी है

भाजपा जिलाध्यक्ष विजय भाटी बोले- पुलिस कमिश्नरेट हमारी सरकार की उपलब्धि है, इसे खत्म करने की मांग बेतुकी है

भाजपा जिलाध्यक्ष विजय भाटी बोले- पुलिस कमिश्नरेट हमारी सरकार की उपलब्धि है, इसे खत्म करने की मांग बेतुकी है

Tricity Today | भाजपा जिलाध्यक्ष विजय भाटी बोले- पुलिस कमिश्नरेट हमारी सरकार की उपलब्धि है

गौतम बुध नगर में पुलिस कमिश्नरेट की स्थापना करना हमारी प्रदेश सरकार की बहुत बड़ी उपलब्धि है। इसे खत्म करने की मांग करने का कोई उचित नहीं है। यह बेतुकी बात है। जब से पुलिस कमिश्नरेट लागू हुई है, इसके शानदार परिणाम सामने आए हैं और आने वाले समय में और बेहतर रिजल्ट मिलेंगे। यह कहना है भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष विजय भाटी का।

 

विजय भाटी ने कहा, "गौतम बुध नगर शुरुआत से अपराध की काली छाया में रहा है। जब गाजियाबाद जिला था, उस समय भी यहां संगठित अपराध बुरी तरह हावी था। उत्तर प्रदेश सरकार ने यह जरूरत महसूस की कि अगर इलाके का विकास करना है तो अपराध को खत्म करना होगा। नोएडा और ग्रेटर नोएडा अंतरराष्ट्रीय शहर हैं। आने वाले वर्षों में यमुना सिटी दुनिया के उन चुनिंदा शहरों में होगा, जो अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बनेंगे। ऐसे में इन शहरों के लिए एक वर्ल्ड क्लास पुलिसिंग की बेहद जरूरत है।"

विजय भाटी आगे कहते हैं, "इस दिशा में योगी आदित्यनाथ सरकार ने कदम उठाया। हमारे मुख्यमंत्री ने वह काम करके दिखाया, जो पिछले 4 दशक में कोई नहीं कर सका था। उत्तर प्रदेश में पुलिस कमिश्नरेट सिस्टम लागू करने के लिए 40 साल से मांग उठ रही थी। कोई मुख्यमंत्री हिम्मत नहीं जुटा पाया था। ऐसे फैसले को वापस ले लेना क्या संभव नजर आता है।"

विजय भाटी के समकक्ष और भारतीय जनता पार्टी नोएडा महानगर के अध्यक्ष मनोज गर्ग की अगुवाई में बीते बुधवार को भाजपा नेताओं और पदाधिकारियों ने उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना से मुलाकात की थी। इन लोगों ने गौतम बुध नगर में पुलिस कमिश्नरेट को फेल करार दिया और इस फैसले को रद्द करने की मांग सतीश महाना से की थी। इतना ही नहीं मनोज गर्ग ने औद्योगिक विकास मंत्री से कहा कि इस फैसले से जनता में नकारात्मक संदेश गया है। लिहाजा, गौतम बुध नगर पुलिस कमिश्नरेट को खत्म कर देना चाहिए। इससे पहले एक मामले को लेकर मनोज गुप्ता और नोएडा महानगर भारतीय जनता पार्टी ने पुलिस कमिश्नर के खिलाफ धरना भी दिया था। औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना ने भी मनोज गुप्ता की मांग पर साफ कर दिया है कि कमिश्नरेट को खत्म करने का फैसला ऐसे नहीं लिया जा सकता है।

इसी मसले पर प्रतिक्रिया देने के लिए ट्राई सिटी टुडे ने गौतम बुध नगर भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष विजय भाटी से बातचीत की। विजय भाटी ने साफ कहा कि गौतम बुध नगर पुलिस कमिश्नरेट आने के बाद अपराध का ग्राफ तेजी से नीचे गिरा है। संगठित अपराध पर लगाम लगी है। महिलाओं के प्रति होने वाले अपराध कम हुए हैं। तात्कालिक रूप से होने वाले अपराध का खुलासा पुलिस ने तेजी से किया है। नोएडा और ग्रेटर नोएडा में बेतहाशा होने वाली लूट और वाहन चोरियां बहुत हद तक कम हुई हैं। 

विजय भाटी ने आगे कहा, "अभी पुलिस कमिश्नरेट के जो परिणाम देखने को मिले हैं, वह शुरुआती हैं। आने वाले दिनों में जैसे-जैसे यह व्यवस्था पुरानी होती जाएगी और मजबूत होती जाएगी। कमिश्नरेट में काम करने वाले आईपीएस ऑफिसर पहली बार गौतम बुध नगर में काम कर रहे हैं। पहली बार यह व्यवस्था उत्तर प्रदेश में शुरू हुई है। हमें पूरी उम्मीद है कि पुलिस कमिश्नरेट बेहद अच्छे परिणाम लेकर आएगी।" 

विजय भाटी ने कहा कि लॉकडाउन के दौरान गौतम बुध नगर पुलिस का काम अंतरराष्ट्रीय मानकों पर खरा उतरने वाला है। पुलिस ने आम आदमी की मदद नहीं सेवा की है। बीमार लोगों को अस्पताल पहुंचाया। परेशान महिलाओं को उनके घर पहुंचाया। संकट में घिरे लोगों को निकाला। लाखों मजदूरों को दिन-रात काम करके उनके घर पहुंचाया है। इन सब कामों को देखने के बावजूद भी अगर कोई पुलिस कमिश्नरेट को फेल कहता है तो उसकी आंखों पर पट्टी बंधी हुई है। हमें गौतम बुध नगर पुलिस के काम पर फक्र महसूस होता है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.