एक अरब की प्रॉपर्टी के मालिक हैं भाजपा के स्नातक एमएलसी उम्मीदवार दिनेश गोयल

एक अरब की प्रॉपर्टी के मालिक हैं भाजपा के स्नातक एमएलसी उम्मीदवार दिनेश गोयल

एक अरब की प्रॉपर्टी के मालिक हैं भाजपा के स्नातक एमएलसी उम्मीदवार दिनेश गोयल

Tricity Today | Dinesh Goel

मेरठ-सहारनपुर स्नातक (Graduate MLC) विधान परिषद सीट के लिए भारतीय जनता पार्टी (Bhartiya Janta Party) के उम्मीदवार दिनेश गोयल और उनकी पत्नी एक अरब रुपए की संपत्ति के मालिक हैं। इनमें से 74 करोड रुपए की चल-अचल संपत्तियां दिनेश गोयल के नाम पर हैं। उनकी पत्नी रजनी गोयल के पास करीब 24 करोड रुपए की प्रॉपर्टी हैं। दोनों के पास गाजियाबाद और दिल्ली-एनसीआर के दूसरे शहरों में करीब 100 भूखंड हैं। सोने, चांदी और हीरे के जेवरात हैं। शेयर, बैंक फिक्स डिपाजिट और अपार्टमेंट भी हैं। दिनेश गोयल ने नामांकन करते वक्त रिटर्निंग ऑफिसर के सामने दाखिल किए हलफनामे में यह जानकारी दी है। उनके ऊपर परिवार का कोई भी सदस्य आश्रित नहीं है।

पिछले साल पति-पत्नी ने करीब पौने दो करोड़ रुपए कमाए

दिनेश गोयल की ओर से भारत निर्वाचन आयोग को दिए गए हलफनामे में बताया गया है कि उनकी उम्र 67 वर्ष है। वह गाजियाबाद के कवि नगर में रहते हैं। भारतीय जनता पार्टी के इस चुनाव में उम्मीदवार हैं। वह और उनकी पत्नी के अलावा परिवार का कोई सदस्य उनके ऊपर आश्रित नहीं है। हालांकि, हिंदू विभक्त कुटुंब के रूप में वह रहते हैं और कुटुंब के नाम पर भी संपत्तियां हैं। दिनेश गोयल ने वित्तीय वर्ष 2018-19 में 80 लाख, 80 हजार, 634 रुपए की आय अर्जित की है। जबकि, वित्तीय वर्ष 2017-18 में 3,39,88,498 रुपये आय अर्जित की थी। उससे पहले वित्तीय वर्ष 2016-17 में 5,55,48,427 रुपए की आय हुई थी। उनकी पत्नी भी उनसे कम नहीं कमाती हैं। रजनी गोयल को वित्तीय वर्ष 2018-19 में 98,79,222 रुपये की आय हुई थी। वित्तीय वर्ष 2017-18 में 1,14,09,015 रुपये की आय हुई थी।

गाजियाबाद के कविनगर थाने में एक मुकदमा दर्ज है

दिनेश गोयल के खिलाफ गाजियाबाद के कविनगर थाने में वर्ष 2017 में एक एफआईआर दर्ज की गई थी। यह मुकदमा आईपीसी की धाराओं 147, 148, 336, 341, 427, 353 और 7 क्रिमिनल लॉ एमेंडमेंट एक्ट के तहत जिला न्यायालय में चल रहा है। इस मामले में उसके खिलाफ बलवा करने और सड़क जाम करने के आरोप हैं। दिनेश गोयल की जितनी बड़ी संपत्तियां हैं। उनके ऊपर कर्ज भी काफी बड़े हैं। वह करीब 34 करोड रुपए के कर्जदार हैं। इनमें बैंकों के अलावा रिश्तेदारों, मित्रों और कारोबारी सहयोगियों से कर्ज लिया गया है। उनकी पत्नी पर भी चार करोड़, 71 लाख रुपए का कर्ज है।

दिनेश गोयल साइंस स्ट्रीम में ग्रेजुएट हैं

दिनेश गोयल ने अपने हलफनामे में बताया है कि वह और उनकी पत्नी रजनी गोयल अपना निजी कारोबार करते हैं। यह कारोबार, किराया, ब्याज, प्रॉपर्टी की खरीद-फरोख्त और अन्य कई कामकाज उनकी आय के स्रोत हैं। पत्नी भी उनके इस कारोबार और प्रॉपर्टी की खरीद-फरोख्त में हिस्सेदार हैं। उन्होंने किसी भी सरकारी या पब्लिक कंपनी के साथ एग्रीमेंट से इनकार किया है। उनके फैमिली ट्रस्ट ने भी ऐसा कोई करार नहीं किया है। दिनेश गोयल साइंस स्ट्रीम में ग्रेजुएट हैं। उन्होंने वर्ष 1974 में गाजियाबाद के महानंद मिशन हरिजन कॉलेज से बीएससी की है। वर्ष 1971 में शंभू दयाल इंटर कॉलेज से 12वीं की थी और 1968 में इसी संस्थान से हाईस्कूल पास की है।

आपको बता दें कि दिनेश गोयल गाजियाबाद के एक बड़े कारोबारी घराने से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने अपने हलफनामे में बताया है कि करोड़ों रुपए की पैतृक संपत्ति भी मिली है। वे लंबे अरसे से भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े रहे हैं।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.