BREAKING: नोएडा प्राधिकरण पर सफाई कर्मचारियों का हल्ला बोल, चंद्रशेखर आजाद समर्थन देने पहुंचे

BREAKING: नोएडा प्राधिकरण पर सफाई कर्मचारियों का हल्ला बोल, चंद्रशेखर आजाद समर्थन देने पहुंचे

BREAKING: नोएडा प्राधिकरण पर सफाई कर्मचारियों का हल्ला बोल, चंद्रशेखर आजाद समर्थन देने पहुंचे

Tricity Today | नोएडा प्राधिकरण पर सफाई कर्मचारियों का हल्ला बोल

नोएडा विकास प्राधिकरण के खिलाफ आंदोलन कर रहे सफाई कर्मचारियों ने शनिवार को एक बार फिर हल्ला बोला है। सफाई कर्मचारियों की भारी भीड़ विकास प्राधिकरण के कार्यालय के बाहर जमी हुई है। इन लोगों को समर्थन देने के लिए आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद उर्फ रावण भी पहुंचे हैं। चंद्रशेखर रावण ने सीधे तौर पर विकास प्राधिकरण को इस समस्या के लिए जिम्मेदार बताया है। चंद्रशेखर का कहना है कि नोएडा विकास प्राधिकरण सफाई कर्मचारियों के हकों पर डाका डाल रहा है। कर्मचारियों का शोषण किया जा रहा है। दलितों को दबाने के लिए जेल में डाला जा रहा है। अपना हक मांगने पर लाठियां बरसाई जा रही हैं।

चंद्रशेखर रावण ने कहा, "एक और देश के प्रधानमंत्री सफाई कर्मचारियों को भगवान बताते हैं। उनके पांव धोकर उन्हें सम्मान देने की बात करते हैं। दूसरी ओर उनकी सरकारों में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी सफाई कर्मचारियों को लाठियों से पीट रहे हैं। जेलों में ठूंस रहे हैं। यह दोहरा रवैया चलने वाला नहीं है। सफाई कर्मचारियों के हकों को कोई मार नहीं पाएगा। इसके लिए जरूरत पड़ी तो सड़क से जेल तक आंदोलन किया जाएगा। नोएडा में सफाई कर्मचारियों के साथ पिछले कई दशकों से अन्याय किया जा रहा है। विकास प्राधिकरण ठेकेदारी प्रथा को बढ़ावा दे रहा है। प्राधिकरण ने बिचौलिए पाल रखे हैं। उनके जरिए सफाई कर्मचारियों का शोषण किया जा रहा है। सफाई कर्मचारियों ने अपने हकों की मांग की तो उनके साथ ज्यादती की गई है। आजाद समाज पार्टी सफाई कर्मचारियों के अधिकारों के लिए किसी भी हद तक जाने के लिए तैयार है।"

आपको बता दें कि हजारों सफाई कर्मचारी पिछले करीब 2 सप्ताह से हड़ताल पर थे। हालांकि, विकास प्राधिकरण और गौतमबुद्ध नगर पुलिस का दावा है कि बीते गुरुवार को करीब 3000 सफाई कर्मचारी काम पर वापस लौट आए हैं। विकास प्राधिकरण ने सफाई कर्मचारियों की मांगों और हड़ताल को अवैध करार दिया था। इसके बाद शुक्रवार को गतिरोध ज्यादा बढ़ गया। सफाई कर्मचारियों ने शहर का कूड़ा प्राधिकरण कार्यालय के बाहर और उद्योग मार्ग पर फैला दिया था। पुलिस ने सफाई कर्मचारियों को ऐसा नहीं करने के लिए चेतावनी दी थी। कर्मचारी नहीं माने। जिसके बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया था। 

भूख हड़ताल कर रहे 6 सफाई कर्मचारियों को पुलिस ने गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। इसे लेकर सफाई कर्मचारियों में गहरा रोष व्याप्त है। विरोध स्वरूप शनिवार को दिन निकलते ही सैकड़ों सफाई कर्मचारियों की भीड़ एक बार फिर विकास प्राधिकरण के कार्यालय पर पहुंच गई। इन्हीं लोगों को समर्थन देने के लिए अब चंद्रशेखर उर्फ रावण पहुंचे हैं। सफाई कर्मचारियों की मांग है कि वह ठेकेदार के साथ काम नहीं करेंगे। विकास प्राधिकरण उन्हें सीधे भर्ती करे। स्थाई कर्मचारी के तौर पर वेतन और सुविधाएं दे।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.