गौतमबुद्ध नगर से गदगद होकर लौटे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, टीम सुपर-5 को फुल नम्बर

गौतमबुद्ध नगर से गदगद होकर लौटे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, टीम सुपर-5 को फुल नम्बर

गौतमबुद्ध नगर से गदगद होकर लौटे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, टीम सुपर-5 को फुल नम्बर

Tricity Today | गौतमबुद्ध नगर से गदगद होकर लौटे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, टीम सुपर-5 को फुल नम्बर

गौतमबुद्ध नगर के 2 दिन के दौरे पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार की दोपहर करीब 12:30 बजे वापस लौट गए। मुख्यमंत्री ने गौतमबुद्ध नगर में विकास कार्यों, कानून व्यवस्था और कोरोना वायरस संक्रमण के खिलाफ चल रहे अभियान की समीक्षा की। मुख्यमंत्री गदगद होकर गौतमबुद्ध नगर से वापस लौटे हैं। यहां से वे सीधे सहारनपुर पहुंचे और सहारनपुर मंडल के 3 जिलों की समीक्षा की है।

जिले की कानून व्यवस्था में सुधार महसूस किया और कमिश्नरेट सिस्टम को बेहतर बताया

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गौतमबुद्ध नगर की कानून-व्यवस्था को बेहतर करार दिया है। उन्होंने कहा कि यहां पुलिस कमिश्नर सिस्टम लागू करने के बाद से अपराध काफी गिरा है। हालात अच्छी तरह से सुधर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने सीधे तौर पर पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह के काम को शाबाशी दी है। इतना ही नहीं मुख्यमंत्री ने पुलिस को साफ कहा कि खुलकर अपराधियों और अपराधियों को संरक्षण देने वाले लोगों पर कार्रवाई करें। मुख्यमंत्री ने तो यहां तक कह दिया कि गैंगस्टर और माफियाओं की छाती पर चढ़कर वार किया जाए। क्राइम के खिलाफ नो टोलरेंस की पॉलिसी में उन्होंने कोई भी बदलाव नहीं किया है। पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह ने उन्हें पिछले छह महीनों के दौरान जिले में हुए अपराध और उसके सापेक्ष की गई कार्रवाई के आंकड़े दिखाए।

कोरोना के खिलाफ अभियान को सीएम ने नजीर करार दिया 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गौतमबुद्ध नगर में कोरोना वायरस के खिलाफ चल रही लड़ाई को शानदार माना है। उन्होंने गौतमबुद्ध नगर में अपनाई गई योजनाओं और मॉडल को नजीर करार दिया है। इतना ही नहीं मुख्यमंत्री ने दूसरे जिलों के नोडल अफसरों को भी यहां की तरह योजना अमल में लाने का आदेश दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर, बागपत और मेरठ के नोडल अधिकारियों को लेकर नोएडा के कोविड-19 कंट्रोल रूम गए। करीब 15 मिनट तक मुख्यमंत्री ने कंट्रोल रूम से जुड़ी पूरी प्रक्रिया जानने के लिए अधिकारियों को आदेश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि गौतमबुद्ध नगर में सबसे कम मृत्यु दर रही है। मरीजों का रिकवरी रेट सबसे ज्यादा है। यहां के जैसा कोविड-19 कंट्रोल रूम हर जिले में बनाया जाए। गौतमबुद्ध नगर के कोविड-19 प्रभारी और ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी नरेंद्र भूषण ने मुख्यमंत्री को विस्तार से पूरी जानकारी दी।

औद्योगिक विकास और जन सुविधाओं पर खुशी जाहिर की

तीनों विकास प्राधिकरण को लंबित परियोजनाएं तेजी से पूरी करने का आदेश मुख्यमंत्री ने दिया है। योगी आदित्यनाथ को नोएडा की मुख्य कार्यपालक अधिकारी ऋतु महेश्वरी, ग्रेटर नोएडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी नरेंद्र भूषण और यमुना एक्सप्रेस वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने विकास योजनाओं के बारे में जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने जेवर एयरपोर्ट से जुड़े काम को तेज करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने जिले में औद्योगिक गतिविधियों में आई तेजी पर खुशी जाहिर की है। मुख्यमंत्री ने माना है कि पिछले 1 वर्ष के दौरान जिले में निवेश बढ़ा है। इसमें यमुना एक्सप्रेस वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण रही है। वहीं, नोएडा में जन सुविधाओं का विकास तेजी से हुआ है। नोएडा ने भारत सरकार के स्वच्छ भारत अभियान में थ्री स्टार रेटिंग हासिल करके अपनी अंतरराष्ट्रीय पहचान को और मजबूत बनाया है।

इसके अलावा मेरठ की मंडलायुक्त अनीता सी मेश्राम ने मंडल के सभी 6 जिलों में कोरोना के खिलाफ चल रही गतिविधियों के बारे में मुख्यमंत्री को विस्तार से जानकारी दी। मंडलायुक्त ने बताया कि किस तरह कोरोना वायरस से पार पाने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों और स्वास्थ्य विभाग ने कंधे से कंधा मिलाकर काम किया है। मुख्यमंत्री मेरठ मंडल के सभी 6 जिलों में कोरोना के खिलाफ चल रही लड़ाई से संतुष्ट नजर आए। उन्होंने कहा कि अभी 50 फ़ीसदी कामयाबी मिली है। अभी आधी लड़ाई बाकी है। लिहाजा, सभी को पूरे मनोयोग के साथ काम करना है। इस लड़ाई को जीतने के लिए आम आदमी का जागरूक होना बहुत जरूरी है। सभी लोग महामारी के खिलाफ जागरूकता फैलाएं।

कुल मिलाकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस बार गौतमबुद्ध नगर के दौरे से गदगद होकर वापस लौटे हैं। जिले में कोरोना के खिलाफ लड़ाई लड़ रही टीम सुपर फाइव कामयाब रही है। आपको बता दें कि कोविड-19 के प्रभारी नरेंद्र भूषण, पुलिस कमिश्नर आलोक कुमार, नोएडा की सीईओ ऋतु महेश्वरी, यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉक्टर अरुण वीर सिंह और गौतमबुद्ध नगर के जिलाधिकारी सुहास एलवाई पिछले 3 महीनों से लगातार हर रात 8:00 बजे मीटिंग करते हैं। इस रोज होने वाली मीटिंग में कोरोना से जुड़ी दिनभर की गतिविधियों की समीक्षा की जाती है और अगले दिन के लिए एक्शन प्लान तैयार किया जाता है। इस टीम के काम से मुख्यमंत्री खासी खुश नजर आए।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.