ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी, कैसे सुधरेंगे हालात

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी, कैसे सुधरेंगे हालात

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी, कैसे सुधरेंगे हालात

Tricity Today | Gaur City Chowk

Greater Noida West: गौर सिटी के निवासी गौरव चंदेल की हत्या से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लोगों में गम और गुस्सा है। लोगों में सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता है। पूरे इलाके के निवासी सोशल मीडिया पर अपनी परेशानी का इजहार कर रहे हैं। वेस्ट के निवासियों का कहना है कि अब तो हद हो गई है। लगता है कि कोई सुरक्षित नहीं है। घर से निकलकर ऑफिस पहुंचना और शाम को घर वापस लौटने की कोई गारंटी नहीं है। सभी लोग पुलिस और प्रशासन से हालात सुधारने की मांग कर रहे हैं।

फ्लैट खरीदारों की संस्था नेफोवा के अध्यक्ष अभिषेक कुमार ने कहा, ग्रेटर नोएडा वेस्ट में सुरक्षा को लेकर बड़ी चिंता है। लोगों को लूटा जा रहा है। अभी तक मारपीट करने और बंधक बनाकर घण्टों सड़कों पर घुमाने की घटनाएं हो रही थीं, अब तो हत्या भी कर दी गई है। यह बेहद दुखद वारदात हुई है। इससे यहां के निवासियों में दहशत है। अब तो धैर्य जवाब दे रहा है।

मीडिया कनेक्ट के विवेक रमन का कहना है कि अकेले बिसरख थाने से यहां की कानून व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हो सकता है। पुलिस स्टाफ और संसाधनों को बढ़ाने की जरूरत है। जब क्षेत्र में ग्रेटर नोएडा वेस्ट नहीं था तब भी एक थाना था, अब वेस्ट में करीब 50 हजार परिवार आकर बस चुके हैं तो भी एक ही थाना है। ऊपर से पुलिस वालों का रवैया सुधर नहीं रहा है। अगर कोई शिकायत लेकर जाता है तो पुलिस वाले उसकी बात सुनने की बजाय अपनी बात मनवाने की कोशिश करते हैं।

मेडिकल एसोसिएशन के डॉक्टर नीलेश कपूर ने लिखा, यह बहुत दुखद खबर है। दिवंगत आत्मा को शांति मिले और भगवान नुकसान उठाने के लिए परिवार को अपेक्षित शक्ति दें। नोएडा एक्सटेंशन में मामलों की खेदजनक स्थिति का वर्णन करने के लिए शब्दों की कोई मात्रा पर्याप्त नहीं है। लेकिन व्यापक नागरिक समाज नेटवर्क बनाने की आवश्यकता है, जो इन लोगों पर अपेक्षित दबाव डाल सके। हमें 1000 सीसीटीवी की आवश्यकता नहीं है, महत्वपूर्ण स्थानों पर 10 भी समस्या को हल कर सकते हैं। विधायक निधि से यह पैसा खर्च किया जाना चाहिए।

जितेंद्र झा ने कहा, यह अब तक कि सबसे दुखद घटना है। ग्रेनो वेस्ट की के बहुत बुरे हालात हैं। यहां पुलिस गश्त नहीं कर रही है। पुलिस वाले कहीं एक जगह खड़े हो जाते हैं। शहर में न तो कहीं चैकिंग होती है और न ही बेरिकेडिंग लगाई गई हैं। बदमाशों के रास्ते में कोई बाधा नहीं है। आज एक युवा अपने परिवार को छोड़कर चला गया। क्या होगा उसके परिवार का। जब शहर में सुरक्षा नहीं तो कोई यहां क्यों रहेगा।

गौरतलब है कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट में इंजीनियर, डॉक्टर, स्टार्टअप उद्यमी और दूसरे पेशेवर लोग बहुसंख्य हैं। मध्यमवर्गीय और युवा जोड़े यहां आकर बस रहे हैं। जिनमें अधिकांश पति और पत्नी, दोनों कामकाजी हैं। ऐसे में सबको अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा प्राथमिक है। शाम के समय ग्रेटर नोएडा वेस्ट में लुटेरे, बदमाश और अराजक तत्व सक्रिय हो जाते हैं। बाजारों में महिलाओं को निशाना बनाते हैं। देर रात दफ्तर से घर वापस लौट रहे लोगों को निशाना बनाते हैं। कार, पैसा और सामान इन लुटेरों के निशाने पर होते हैं। मामूली सा विरोध करने पर मारपीट करने, फायरिंग करना और बंधक बनाकर कार डालकर घण्टों प्रताड़ना देना आम बात है। अब गौरव चंदेल की हत्या के बाद तो वेस्ट के निवासियों का धैर्य जवाब दे रहा है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.