कांग्रेसी सुदीक्षा के परिवार से मिले, प्रदेश महासचिव ने कहा- जिस इलाके में यह हादसा हुआ वहीं इंस्पेक्टर सुबोध की हत्या हुई थी

कांग्रेसी सुदीक्षा के परिवार से मिले, प्रदेश महासचिव ने कहा- जिस इलाके में यह हादसा हुआ वहीं इंस्पेक्टर सुबोध की हत्या हुई थी

कांग्रेसी सुदीक्षा के परिवार से मिले, प्रदेश महासचिव ने कहा- जिस इलाके में यह हादसा हुआ वहीं इंस्पेक्टर सुबोध की हत्या हुई थी

Tricity Today | कांग्रेसी सुदीक्षा के परिवार से मिले

ग्रेटर नोएडा की होनहार बेटी सुदीक्षा की मौत के मामले को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी ने बेहद गंभीरता से लिया है। प्रियंका गांधी ने मंगलवार को इस मसले पर बयान जारी किया था। उन्होंने सुदीक्षा का एक वीडियो जारी करके राज्य के हालातों पर सवाल भी उठाए थे। अब बुधवार को एक बार फिर कांग्रेस के नेता सुदीक्षा के परिवार से मिलने पहुंचे। कांग्रेसियों ने परिवार के लिए आर्थिक मदद की मांग की है। साथ ही उत्तर प्रदेश कांग्रेस के महासचिव वीरेंद्र सिंह गुड्डू ने कई गंभीर सवाल उठाए हैं।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस के महासचिव वीरेंद्र सिंह गुड्डू ने कहा, जिस इलाके में सुदीक्षा भाटी के साथ यह हादसा हुआ है, वहां पूर्व में एक हिंसक घटना के दौरान इंस्पेक्टर सुबोध सिंह की हत्या कर दी गई थी। इंस्पेक्टर सुबोध सिंह के साथ हुई वारदात का स्थल बमुश्किल 10 किलोमीटर के दायरे में है। वहां गुंडागर्दी चरम पर है। भारतीय जनता पार्टी और उसके आनुषंगिक संगठनों से ताल्लुक रखने वाले कथित युवा नेता बदमाशी करते हैं। भाजपा ऐसे युवकों को सजा देने की बजाय उन्हें संगठन में बड़ी जिम्मेदारियां देती है। 

वीरेंद्र सिंह गुड्डू ने पूछा- किसके दबाव में है पुलिस

वीरेंद्र सिंह गुड्डू का कहना है कि सुदीक्षा के चाचा कह रहे हैं कि उनके साथ छेड़छाड़ की घटना हुई है। बुलेट सवार दो युवकों ने उन्हें रास्ते में परेशान किया। बार-बार ओवरटेक करने की कोशिश की। इसमें भला क्या झूठ हो सकता है। पुलिस और प्रशासन को उनके आरोपों की गहराई से जांच करनी चाहिए थी। जब किसी निष्कर्ष पर पहुंचते तो अपनी बात रखनी चाहिए थी। बुलंदशहर पुलिस ने आनन-फानन में परिवार को झूठा साबित करने की कोशिश की है। बुलंदशहर गैंग रेप कांड के वक्त भी ऐसी ही जल्दबाजी बुलंदशहर पुलिस ने दिखाई थी। सुबोध सिंह हत्याकांड में भी बुलंदशहर पुलिस और प्रशासन का रवैया ठीक नहीं रहा। आखिरकार बुलंदशहर के जिला प्रशासन और पुलिस के दबाव में काम कर रहे हैं। इस बात की भी जांच होनी चाहिए।

जिला अध्यक्ष मनोज चौधरी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की तरफ से मांग हैं कि सुदीक्षा की हत्या के जिम्मेदार लोगों को शीघ्र गिरफ्तार कर उन्हें सजा दिलाई जाए। पुलिस और प्रशासन लीपापोती करके दोषियों को बचाने का प्रयास कर रहे हैं। इस केस की जांच हाईकोर्ट या सुप्रीम कोर्ट के द्वारा गठित एसआईटी से कराई जाए। पीड़ित परिवार को एक करोड़ की आर्थिक सहायता, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और ग्रेटर नोएडा में एक मकान दिया जाए।

इस मौके पर बुलंदशहर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष टुककीमल खटीक, डॉक्टर महेन्द्र नागर, अशोक पंडित, दिनेश शर्मा, विक्रम नागर, रविन्द्र जाटव मौजूद रहे। मंगलवार को एक बार फिर सुदीक्षा भाटी के घर परिवार को सांत्वना देने पहुंचे और सरकार से आर्थिक मदद दिलाने की मांग की।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.