अच्छी खबर : गौतमबुद्ध नगर की एक चौथाई जनसंख्या का हो चुका कोरोना टेस्ट, रिकवरी रेट, इंफेक्शन रेट और मृत्यु दर के आंकड़े भी खुशनुमा

अच्छी खबर : गौतमबुद्ध नगर की एक चौथाई जनसंख्या का हो चुका कोरोना टेस्ट, रिकवरी रेट, इंफेक्शन रेट और मृत्यु दर के आंकड़े भी खुशनुमा

अच्छी खबर : गौतमबुद्ध नगर की एक चौथाई जनसंख्या का हो चुका कोरोना टेस्ट, रिकवरी रेट, इंफेक्शन रेट और मृत्यु दर के आंकड़े भी खुशनुमा

Google Image |

Noida Coronavirus Cases : जनपद गौतमबुद्ध नगर में रविवार को कोविड-19 के 173 नये मामले सामने आये हैं। अब तक जिले में कुल मरीजों की संख्या 18 हजार से अधिक हो चुकी है। अब तक जिले में कोविड-19 से संक्रमित 18,012 मरीज पाए गए हैं। जनपद में कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से अभी तक 68 लोगों की मौत हो चुकी है। दूसरी और बड़ी खबर यह है कि जिले की करीब एक चौथाई जनसंख्या का कोरोना टेस्ट करने में स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन ने कामयाबी हासिल कर ली है।
    
जिला निगरानी अधिकारी डॉक्टर सुनील दोहरे ने बताया कि रविवार को गौतमबुद्ध नगर जनपद में कोविड-19 के 173 नये मामले सामने आये। उन्होंने बताया कि कोविड-19 के संक्रमण से जनपद में अब तक 68 लोगों की मौत हो चुकी है। उन्होंने बताया कि 24 घंटे में कोविड-19 संक्रमित 137 मरीज उपचार के दौरान ठीक होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हुए हैं। उन्होंने बताया कि यहां के विभिन्न अस्पतालों में 1,261 मरीजों का उपचार चल रहा है। 

अब तक 4,01,656 लोगों के नमूने जांच के लिए लिये गए हैं

जिला निगरानी अधिकारी ने बताया कि अब तक जनपद में 16,683 मरीज उपचार के दौरान ठीक होकर अस्पताल से छुट्टी पा चुके हैं, जबकि 18,012 मरीज अब तक जिले में कोविड-19 से संक्रमित पाए गए हैं। उन्होंने बताया कि अभी तक 4,01,656 लोगों के नमूने कोविड-19 की जांच के लिए लिये गए हैं। वर्ष 2011 की जनगणना के मुताबिक गौतमबुद्ध नगर की जनसंख्या 16,48,115 है। लिहाजा, अब तक जिले के करीब एक चौथाई (24.37 प्रतिशत) लोगों का कोरोना टेस्ट कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि जो लोग आज कोविड-19 से संक्रमित पाए गए हैं, उन्हें यहां के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कर उनका उपचार शुरू कर दिया गया है।

जिले के रिकवरी रेट, इंफेक्शन रेट और मृत्यु दर

गौतमबुद्ध नगर में रिकवरी रेट बाकी जिलों के मुकाबले बेहतर है। अब तक 93 प्रतिशत मरीज ठीक होकर अपने घर वापस लौट चुके हैं। गौतमबुद्ध नगर में इंफेक्शन रेट भी महज एक प्रतिशत है। मृत्यु दर केवल 0.37 परसेंट है। गौतमबुद्ध नगर उत्तर प्रदेश ही नहीं देश के ऐसे चुनिंदा जिलों में शामिल है, जहां रिकवरी रेट, इंफेक्शन रेट और मृत्यु दर पूरी तरह नियंत्रण में हैं।

अभी सतर्क और जागरूक रहने की जरूरत है : सुहास एलवाई

गौतमबुद्ध नगर में कोरोना वायरस संक्रमण से जुड़े आंकड़े बेहतर हैं, लेकिन अभी महामारी गई नहीं है। जिलाधिकारी सुहास एलवाई का कहना है कि गौतमबुद्ध नगर के लोगों ने बेहद समझदारी का परिचय दिया है। पहले लॉकडाउन और उसके बाद अब लगातार अनलॉक में जारी नियम और कायदों का बेहतर ढंग से पालन किया गया है। आम आदमी की सहभागिता की बदौलत ही सरकारी मशीनरी इस महामारी पर काबू पाने में कामयाब रही है, लेकिन हम सभी लोगों को एक बात समझ लेनी चाहिए कि अभी खतरा बरकरार है। लिहाजा, सतर्कता बरतने की जरूरत है। कोरोना से जुड़ी परेशानियों और बचाव के उपायों के प्रति जागरूक रहने की आवश्यकता है। ज्यादातर शैक्षणिक, व्यापारिक और औद्योगिक गतिविधियां चल रही हैं। लोग एक-दूसरे से मिल रहे हैं। लिहाजा, सोशल डिस्टेंसिंग और सैनिटाइजेशन से जुड़े नियमों का कड़ाई से पालन किया जाना चाहिए।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.