क्रिकेटर सुरेश रैना के रिश्तेदारों पर काले कच्छे वाले डकैतों ने हमला किया, चाचा की मौत, चार की हालत खराब

क्रिकेटर सुरेश रैना के रिश्तेदारों पर काले कच्छे वाले डकैतों ने हमला किया, चाचा की मौत, चार की हालत खराब

क्रिकेटर सुरेश रैना के रिश्तेदारों पर काले कच्छे वाले डकैतों ने हमला किया, चाचा की मौत, चार की हालत खराब

Google Image | क्रिकेटर सुरेश रैना

हाल ही में भारतीय क्रिकेट टीम से सन्यास लेने वाले इंटरनेशनल क्रिकेटर सुरेश रैना के रिश्तेदारों पर काले कच्छे वाले डकैतों ने हमला किया है। इस हमले में सुरेश रैना के चाचा की हत्या कर दी गई है। परिवार के चार अन्य सदस्य बुरी तरह से घायल हुए हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती किया गया है।

क्रिकेटर सुरेश रैना के 58 वर्षीय एक रिश्तेदार की मौत हो गयी है। पंजाब के पठानकोट जिले में डकैतों के हमले में उनके रिश्तेदार के परिवार के चार सदस्य घायल हो गये हैं। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी है। मृतक की पहचान सरकारी ठेकेदार अशोक कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि पंजाब के पठानकेाट जिले में माधोपुर के समीप थरियाल गांव में 19-20 अगस्त की दरम्यानी रात यह वारदात हुई। कुमार के बड़े भाई श्यामलाल ने इस बात की पुष्टि की कि वह क्रिक्रेटर के रिश्तेदार थे। उन्होंने कहा कि रैना के उनके गांव आने की उम्मीद है। इससे पहले, एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा था कि वह इस बात पुष्टि नहीं कर सकते कि मृतक क्रिक्रेटर का रिश्तेदार था या नहीं। 

पुलिस के मुताबिक लूट के इरादे से आये 'काले कच्छेवाला गिरोह के तीन-चार सदस्यों ने अशोक कुमार और उनके परिवार के सदस्यों पर हमला बोल दिया। उस वक्त वे सभी मकान की छत पर सो रहे थे। सिर में चोट लगने से अशोक कुमार की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि चार अन्य घायल हो गये।

पठानकोट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गुलनीत सिंह खुराना ने कुमार की मौत की पुष्टि की। उनका कहना है कि वह इस बात की पुष्टि नहीं कर सकते कि वह क्रिक्रेटर रैना के रिश्तेदार थे। खुराना ने कहा, ''हम मामले की जांच कर रहे हैं।"

पुलिस के अनुसार डकैत कुछ नकद और गहने लेकर चंपत हो गये। पुलिस का कहना है कि कुमार की 80 वर्षीय मां सत्या देवी, उनकी पत्नी आशा देवी, बेटे अपिन और कौशल घायल हो गये। पठानकोट के पुलिस अधीक्षक प्रभजोत सिंह विर्क के अनुसार सत्यादेवी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी है जबकि अन्य का उपचार चल रहा है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.