श्रद्धांजलि: गौतमबुद्ध नगर भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष अश्विनी शर्मा का निधन

श्रद्धांजलि: गौतमबुद्ध नगर भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष अश्विनी शर्मा का निधन

श्रद्धांजलि: गौतमबुद्ध नगर भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष अश्विनी शर्मा का निधन

Tricity Today | बीमारी के दौरान अस्पताल में भर्ती अश्विनी शर्मा

गौतमबुद्ध नगर भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला उपाध्यक्ष अश्विनी शर्मा का बुधवार की सुबह निधन हो गया है। वह 48 वर्ष के थे। अश्विनी शर्मा पिछले करीब डेढ़ वर्ष से किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। उन्हें किडनी का ट्रांसप्लांट किया जाना था लेकिन डोनर नहीं मिलने के कारण करीब 1 वर्ष से ट्रांसप्लांट का इंतजार किया जा रहा था। उनकी मौत से जिला भाजपा में शोक की लहर दौड़ गई है। 

अश्विनी शर्मा मूल रूप से ककोड़ कस्बे के निवासी थे। करीब 20 साल पहले वह ग्रेटर नोएडा आकर बस गए थे। अभी ग्रेटर नोएडा के सेक्टर बीटा वन में रह रहे थे। उनके परिवार में एक बेटा, बेटी और पत्नी हैं। बेटा कक्षा दसवीं का छात्र है और बेटी ग्रेजुएशन कर रही हैं। करीब डेढ़ साल पहले अश्विनी शर्मा की दोनों किडनी खराब हो गई थीं। जिसके बाद में गंभीर रूप से बीमार पड़ गए। 

करीब एक साल पहले जेवर के विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह ने अश्विनी शर्मा की मदद की और उन्हें नोएडा के जेपी अस्पताल में भर्ती करवाया था। वह एक वर्ष से डायलिसिस के सहारे चल रहे थे। पिछले करीब 6-7 महीने से उनके स्वास्थ्य में अपेक्षित रूप से अच्छा सुधार हुआ था। जेवर विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह की सिफारिश पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अश्विनी शर्मा की किडनी ट्रांसप्लांट करने के लिए 10 लाख रुपये का अनुदान दिया था। यह पैसा जेपी अस्पताल को उत्तर प्रदेश सरकार भेज चुकी थी। किंतु कोई किडनी का डोनर नहीं मिलने के कारण अश्विनी शर्मा का ट्रांसप्लांट नहीं हो सका।

मिली जानकारी के मुताबिक 2 दिन पहले अश्विनी शर्मा का अचानक संतुलन बिगड़ गया और वह अचेत हो गए। उन्हें आनन-फानन में ग्रेटर नोएडा के अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां जानकारी मिली कि उन्हें ब्रेन स्ट्रोक हुआ है। करीब 48 घंटे की जद्दोजहद के बाद बुधवार की सुबह उनका निधन हो गया। अश्विनी शर्मा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भारतीय जनता पार्टी के कर्मठ और योग्य कार्यकर्ता थे। वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से राजनीतिक सफर तय करते हुए भारतीय जनता पार्टी में पहुंचे थे। 

अश्विनी शर्मा गौतमबुद्ध नगर भारतीय जनता पार्टी के महामंत्री और फिर उपाध्यक्ष रहे। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में भी कई पदों पर रहे थे। जेवर के विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह ने कहा कि अश्विनी शर्मा के रूप में एक कर्मठ और धनी व्यक्तित्व का कार्यकर्ता हम लोगों ने खो दिया है। वह अच्छे मित्र और सौम्य स्वभाव के व्यक्ति थे। मेरी उन्हें श्रद्धांजलि है और मैं उनके परिवार के साथ सदैव खड़ा रहूंगा। 

भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर ने भी अश्विनी शर्मा के असामयिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। सुरेंद्र सिंह नागर ने कहा कि मैं ईश्वर से कामना करता हूं कि इस अपार दुख को सहने की क्षमता उनके परिवार को दें। अश्विनी शर्मा के निधन की जानकारी मिलने के बाद भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष एडवोकेट अतुल शर्मा पूर्व जिला उपाध्यक्ष एडवोकेट कपिल गुर्जर और पूर्व जिलाध्यक्ष रवि जिंदल उनके अंतिम संस्कार में पहुंचे। अश्विनी शर्मा का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव का ककोड़ में किया गया है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.