गाजियाबाद: शादी के चार दिन बाद पति रेल से कटा और नोएडा की एमएनसी में काम करने वाली पत्नी फांसी पर झूल गई

गाजियाबाद: शादी के चार दिन बाद पति रेल से कटा और नोएडा की एमएनसी में काम करने वाली पत्नी फांसी पर झूल गई

गाजियाबाद: शादी के चार दिन बाद पति रेल से कटा और नोएडा की एमएनसी में काम करने वाली पत्नी फांसी पर झूल गई

Social Media | Vishal and Nisha

गाजियाबाद में दिल दहलाने वाली घटना हुई है। शादी से महज चार दिन बाद एक दम्पति ने मौत को गले लगा लिया है। पति की लाश रेलवे ट्रैक पर पड़ी मिली है, जबकि पत्नी ने अपने घर में फांसी लगा ली है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।

गाजियाबाद के कविनगर इलाके की आरके पुरम कॉलोनी में यह घटना हुई है। यहां के रहने वाले युवा टीचर विशाल प्रजापति गोविंदपुरम में कोचिंग सेंटर संचालित करते थे। दूसरी ओर नोएडा की एक मल्टीनेशनल कंपनी में उच्च पदस्थ निशा और विशाल कई वर्षों से एक-दूसरे को जानते थे। दोनों अलग-अलग जातियों से ताल्लुक रखते थे और शादी करना चाहते थे। दोनों ने अपने परिवारों को शादी के लिए राजी कर लिया। जिसके बाद 29 जून को निशा और विशाल की धूमधाम के साथ शादी हुई थी। 

निशा विशाल के घर आरके पुरम चली गई थी। शादी में शामिल होने आए सभी रिश्तेदार और दोस्त वापस लौट गए। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 3 जुलाई की सुबह विशाल गोविंदपुरम में अपने कोचिंग सेंटर चले गए लेकिन वह देर रात तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिवार के लोगों में चिंता हुई। विशाल को शहर भर में ढूंढा गया। पुलिस को जानकारी दी गई। अंततः पुलिस को जानकारी मिली कि गाजियाबाद में रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव पड़ा है। इस शव की पहचान विशाल के रूप में हुई। 

अभी इस गम से यह परिवार उबरा भी नहीं था कि शनिवार की सुबह निशा की लाश उसके कमरे में पंखे से लटकी मिली है। इस तरह महज शादी के 4 दिन में ही दंपति ने मौत को गले लगा लिया। यह पूरा वाकया रहस्य बना हुआ है। इस पहेली को कविनगर पुलिस सुलझाने में जुट गई है। हालांकि, अभी पुलिस को कोई खास सुराग हाथ नहीं लगा है। पुलिस का कहना है कि मामले में जोर-शोर से छानबीन की जा रही है। विशाल और निशा के मोबाइल रिकॉर्ड निकाले गए हैं। 

पुलिस ने बताया कि दोनों ओर के परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। विशाल के कोचिंग सेंटर में काम करने वाले लोगों से भी पुलिस ने पूछताछ की है। कोचिंग सेंटर और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज पुलिस खंगाल रही है। विशाल के घर से कोचिंग सेंटर के बीच में भी उसकी स्थिति का पता लगाने के लिए पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे खंगाले हैं। अभी तक पुलिस की जांच विशाल, निशा और उनके परिजनों के कॉल डिटेल व सीसीटीवी फुटेज पर ही टिकी हुई है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.