गौरव चंदेल हत्याकांड : आशु जाट को नोएडा लेकर आई पुलिस, मिली बड़ी कामयाबी

गौरव चंदेल हत्याकांड : आशु जाट को नोएडा लेकर आई पुलिस, मिली बड़ी कामयाबी

गौरव चंदेल हत्याकांड : आशु जाट को नोएडा लेकर आई पुलिस, मिली बड़ी कामयाबी

Google Image | आशु जाट

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गौरव चंदेल हत्याकांड में नोएडा पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। थाना फेस-3 पुलिस बहुचर्चित गौरव चंदेल हत्याकांड के आरोपी आशु जाट को अदालत के आदेश से रिमांड पर लेकर आई है। उसकी निशानदेही पर गुरुवार को गौरव चंदेल की घड़ी और मोबाइल फोन बरामद किये हैं। थाना फेस-3 के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र दीक्षित ने बताया कि हत्याकांड के बाद आरोपी आशु मुंबई भाग गया था और वहां फल का ठेला लगाने लगा था। बाद में मुंबई पुलिस ने उसे पकड़ लिया था।

दीक्षित ने बताया कि वर्तमान में आशु जाट इलाहबाद की नैनी जेल में बंद था। उसको अदालत के आदेश से पुलिस रिमांड पर नोएडा लाया गया है। गौरतलब है कि गुरुग्राम स्थित एक कंपनी में मैनेजर के रूप में कार्यरत गौरव चंदेल गत छह जनवरी की रात को ग्रेटर नोएडा स्थित अपने घर जा रहे थे तभी परथला चौक के पास अज्ञात बदमाशों ने उनकी कथित रूप से हत्या कर उनकी कार लूट ली थी। दीक्षित के अनुसार इस मामले में आशु जाट का हाथ होने की जानकारी मिली थी।
      
उन्होंने बताया कि थाना फेस-तीन पुलिस ने गौरव चंदेल हत्याकांड के मामले में आशु को 12 घंटे की रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की जिसमें कई अहम जानकारी सामने आई। दीक्षित ने बताया कि जाट की निशानदेही पर चंदेल से लूटे गये मोबाइल फोन व घड़ी बरामद कर लिये गये हैं और आरोपी को शुक्रवार को नैनी जेल के लिए रवाना कर दिया गया।

आपको बता दें कि गुरुग्राम की एक कंपनी में उच्च पद पर कार्यरत प्रबंधक गौरव चंदेल की 5 जनवरी की रात नोएडा में पृथला गोल चक्कर से आगे हिंडन नदी पुल के पास हत्या कर दी गई थी। इस मामले का खुलासा करते हुए गौतमबुद्ध नगर और हापुड़ पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन में आशु जाट की पत्नी और एक गुर्गे उमेश को गिरफ्तार करके जेल भेजा था। करीब 10 महीनों तक गौतमबुद्ध नगर पुलिस आशु जाट की तलाश कर रही थी। इस बीच वह दो बार नोएडा और दिल्ली से पुलिस के हाथ से फिसल गया था। अंततः मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने आशु जाट को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की थी। करीब डेढ़ महीने पहले हुई इस गिरफ्तारी से गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने राहत की सांस ली थी। अब मामले में जांच आगे बढ़ाने के लिए गौतमबुद्ध नगर पुलिस आशु जाट को रिमांड पर लेकर आई थी। आशु जाट का 3 दिन का रिमांड गौतमबुद्ध नगर पुलिस को मिला था। जिसकी अवधि आज शाम 5:00 बजे समाप्त हो रही है।

इस बारे में हमारी टीम ने गौरव चंदेल की पत्नी प्रीति चंदेल से बातचीत की है। प्रीति चंदेल ने बताया कि उनको इस बारे में गौतम बुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट की तरफ से कोई जानकारी नहीं दी गई है। उनका कहना है कि पुलिस इस मामले में काफी एक्टिव है। पुलिस काफी तेजी से कार्रवाई कर रही है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.