झारखंड से अगवा युवती नोएडा में बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार

झारखंड से अगवा युवती नोएडा में बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार

झारखंड से अगवा युवती नोएडा में बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार

Google Image | प्रतीकात्मक फोटो

नोएडा और झारखंड पुलिस ने एक संयुक्त ऑपरेशन में झारखंड से अगवा करके ले गई एक युवती को शहर के सेक्टर-45 से बरामद किया है। पुलिस ने युवती को अगवा करने वाले एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। इस घटना में कथित रूप से शामिल चार लोग अभी फरार हैं। पुलिस टीम उन्हें तलाश कर रही हैं।

नोएडा के थाना सेक्टर-39 के प्रभारी निरीक्षक आजाद सिंह तोमर ने बताया कि झारखंड पुलिस और नोएडा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई के तहत सेक्टर-45 से युवती को बरामद कर लिया है। उसे अगवा करने के आरोपी मनीष को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपी फरार हैं। युवती का 29 नवंबर को उस समय अपहरण हो गया था, जब वह जिम से लौट रही थी। युवती गिरिडीह जिले के निमियाघाट थाना क्षेत्र की निवासी है। युवती और गिरफ्तार किए गए युवक को झारखंड पुलिस अपने साथ लेकर गई है।

ग्रेटर नोएडा में महिला ने की आत्महत्या

ग्रेटर नोएडा में नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र के तुगलपुर गांव में रहने वाली 30 वर्षीय महिला ने सोमवार रात पंखे से फंदा लगाकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली। नॉलेज पार्क थाना प्रभारी वरुण पवार ने बताया कि तुगलपुर गांव में रहने वाली शबनम (30) ने सोमवार देर रात अपने घर पर पंखे से फंदा लगाकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि शबनम काफी दिनों से मानसिक तनाव में थी। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Copyright © 2023 - 2024 Tricity. All Rights Reserved.